- द प्लेयर्स एक्ट रंगमंडल की टीम ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
बेगूसराय | इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) बरौनी रिफाइनरी द्वारा रविवार को ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य विषय ‘स्वच्छता हर किसी की जिम्मेदारी है’ रखा गया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता के लिए 3 और 4 जुलाई 2026 को शहर में नुक्कड़ नाटक किए गए। ‘द प्लेयर्स एक्ट रंगमंडल’ की टीम ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। नाटक का नाम “स्वच्छ भारत सुंदर भारत” था। इसके लेखक और निर्देशक चंदन कुमार सोनू हैं। कलाकारों ने गीत, संगीत और अभिनय से दर्शकों का दिल जीता।
छह प्रमुख स्थानों पर हुआ मंचन
नुक्कड़ नाटक का मंचन छह अलग-अलग स्थानों पर किया गया। इनमें बरौनी रिफाइनरी गेट नंबर 1, बेगूसराय रेलवे स्टेशन और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर इंजीनियरिंग कालेज शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय आइओसी बरौनी, एसओएस चिल्ड्रेन विलेज (उलाव) और रिफाइनरी टाउनशिप शापिंग परिसर में भी प्रस्तुति दी गई।

इन कलाकारों ने किया अभिनय
नाटक में कुणाल भारती, सिकंदर कुमार, अरुण कुमार और विकास कुमार ने बेहतरीन अभिनय किया। इनके अलावा सचिन कुमार, सोनी कुमारी और काजल कुमारी ने भी अपनी भूमिकाएं निभाईं। नाटक में संगीत मिथुन कुमार ने दिया। वाद्य यंत्रों पर नंदकिशोर मालाकार ने शानदार संगत की।
दर्शकों ने ली स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम में ‘स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं’ का नारा दिया गया। कलाकारों ने गली-मोहल्लों में स्वच्छता की अलख जगाने की अपील की। गीतों और नाटकों से प्रेरित होकर अतिथियों और दर्शकों ने स्वच्छ परिवेश बनाने की शपथ ली। तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया गया। मौके पर बरौनी रिफाइनरी के पदाधिकारी एमडी सैफुल्लाह नसीम और यश गौरव, इंजीनियरिंग कालेज की डा. सुमन कुमारी, रेलवे स्टेशन के हेल्थ इंस्पेक्टर राजेश कुमार उपस्थित रहे।










