- पूर्व मध्य रेल के सलाहकार दिलीप कुमार सिन्हा ने 60 सूत्री मांगपत्र सौंपा
- जीएम बोले – नए स्टेशन भवन और प्लेटफार्म 4-5 निर्माण की समीक्षा तेज
बेगूसराय | पूर्व मध्य रेल की प्रमुख सलाहकार समिति की बैठक गुरुवार को पटना के मौर्या होटल में महाप्रबंधक क्षत्रशाल सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व मध्य रेल के सलाहकार दिलीप कुमार सिन्हा ने बेगूसराय और बरौनी से जुड़े रेल विकास, ट्रेन संचालन, ठहराव और यात्री सुविधाओं के 60 सूत्री मांगपत्र सौंपा। महाप्रबंधक ने बताया कि बेगूसराय और बरौनी स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। दोनों स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बेगूसराय स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन घोषित करने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को जुलाई में भेजा गया है।
बेगूसराय स्टेशन पर कोचिंग काम्प्लेक्स निर्माण के लिए हो चुका सर्वे
उन्होंने बताया कि बेगूसराय स्टेशन पर कोचिंग काम्प्लेक्स निर्माण के लिए सर्वे कराया जा चुका है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। सोनपुर मंडल ने वाशिंग पिट लाइन निर्माण के लिए भी सर्वे किया है। स्टेशन के मेजर डेवलपमेंट की परियोजना तैयार की जा रही है। द्वितीय प्रवेश द्वार और नए स्टेशन भवन के निर्माण की भी समीक्षा चल रही है।उन्होंने कहा कि जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन के विस्तार के लिए समय-सारिणी मांगी गई है। स्वीकृति मिलते ही सेवा शुरू कर दी जाएगी। बेगूसराय स्टेशन पर यात्री शेड के विस्तार का कार्य जारी है। लखमीनिया स्टेशन पर यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था के लिए जल्द निविदा निकाली जाएगी। बेगूसराय स्टेशन के उत्तर दिशा में प्लेटफार्म संख्या चार और पांच के निर्माण तथा नए बुकिंग कार्यालय की मांग पर अधिकारियों ने बताया कि द्वितीय प्रवेश द्वार की योजना स्वीकृत है। निर्माणाधीन भवन में बुकिंग काउंटर और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की व्यवस्था की जाएगी।
पटना-कटिहार के बीच चले नमो भरत रैपिड ट्रेन
बैठक में सलाहकार दिलीप कुमार सिन्हा ने हावड़ा के लिए बेगूसराय-मुंगेर मार्ग से ट्रेन चलाने, शाम सात बजे पटना-सहरसा ट्रेन शुरू करने, पटना-कटिहार के बीच नमो भारत रैपिड रेल चलाने, पूर्वा एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन बेगूसराय मार्ग से चलाने, सहरसा-हावड़ा सुपरफास्ट और मुजफ्फरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस का मार्ग बेगूसराय से करने सहित कई नई ट्रेनों और विस्तार की मांग रखी।
पटना-बेगूसराय इंटरसिटी नमो भारत ट्रेन प्रतिदिन चले
उन्होंने हावड़ा-जमालपुर ट्रेन को बेगूसराय-बरौनी तक बढ़ाने, तिलरथ-जमालपुर ट्रेन का बरौनी तक विस्तार करने, इसे मेमू में बदलने, शाम में जमालपुर-तिलरथ मेमू सेवा शुरू करने तथा प्रतिदिन पटना- बेगूसराय इंटरसिटी नमो भारत ट्रेन चलाने की मांग भी की। इसके अलावा बेगूसराय, बलिया और साहेबपुर कमाल स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं में विस्तार की मांग की गई। बैठक में दैनिक रेल यात्री संघ के इंद्रजीत कुमार राय और राजेश कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।









