बेगूसराय | मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ के तहत राज्य भर के लाभुकों से सीधा संवाद किया। इसका सीधा प्रसारण बेगूसराय समाहरणालय के एनआईसी (NIC) कक्ष में किया गया। इस दौरान डीएम श्रीकांत शास्त्री और अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी सहित कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के असंतुष्ट लाभुकों से सीधे बात की। उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं के तुरंत व प्रभावी समाधान के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बेगूसराय के चार लाभुकों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की। इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़ी बछवाड़ा की प्रतिमा देवी, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित तेघड़ा के मो. तनवीर और कुमार अनुभव तथा बिजली विभाग से जुड़े मो. नजीम शामिल थे। 
त्वरित कार्रवाई से लाभुक संतुष्ट
संवाद के दौरान चारों लाभुकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बेगूसराय जिला प्रशासन ने उनकी समस्याओं का समाधान कर दिया है। वे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं। लाभुकों ने अपनी शिकायतें दूर होने पर मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार भी जताया।
समय पर हो रहा शिकायतों का निपटारा: डीएम
डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि ‘सहयोग शिविर’ में मिलने वाली शिकायतों पर तेजी से काम हो रहा है। आम लोगों की संतुष्टि और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।










