- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत शुरू हुई नई पहल
- सफलता के बाद पूरे बिहार में लागू होगा माडल
- 6.5 करोड़ से अधिक ABHA और 7.92 करोड़ डिजिटल हेल्थ रिकार्ड बना चुका है बिहार
- बेगूसराय में 19.49 लाख ABHA अकाउंट और 23.59 लाख ई-हेल्थ रिकार्ड तैयार
बेगूसराय | बिहार में अब स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से हाई-टेक होने जा रही हैं। मरीजों को पर्ची और पुरानी फाइलों के झंझट से मुक्ति मिलेगी। इसकी शुरुआत बेगूसराय से हो गई है। बिहार सरकार ने ‘आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन’ (ABDM) के तहत बेगूसराय को राज्य का पहला ‘ABDM मॉडल जिला’ बनाया है। यहां की सफलता के बाद यह डिजिटल मॉडल पूरे बिहार में लागू किया जाएगा। मंगलवार को इस प्रोजेक्ट का विधिवत शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) और बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) ने यह कार्यशाला आयोजित की। राज्य मिशन निदेशक (ABDM) अरविंद कुमार वर्मा और डीएम श्रीकांत शास्त्री ने दीप जलाकर इसका उद्घाटन किया। राज्य मिशन निदेशक अरविंद कुमार वर्मा ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन देश की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहलों में शामिल है। इससे नागरिकों को सुरक्षित, एकीकृत और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बेगूसराय का मॉडल पूरे बिहार के लिए मार्गदर्शक बनेगा।

पारदर्शी और सुगम होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक से इलाज की प्रक्रिया आसान होगी। स्वास्थ्य सेवाएं अब ज्यादा पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनेंगी। नई दिल्ली से NHA के निदेशक डा. पंकज कुमार अरोड़ा भी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। उन्होंने इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि बेगूसराय देश के अन्य राज्यों और जिलों के लिए भी एक शानदार उदाहरण बनेगा। वहीं, सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार और उप विकास आयुक्त ने इस पहल में हर संभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिया।
तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने साझा कीं बारीकियां
कार्यशाला में डिजिटल स्वास्थ्य के तकनीकी पहलुओं पर गहराई से चर्चा हुई। BSSS के प्रशासी पदाधिकारी शैलेश चन्द्र दिवाकर और संयुक्त निदेशक अनीसा सक्सेना ने राज्य की प्रगति रिपोर्ट पेश की। इस दौरान ABHA आइडी (आभा आईडी), हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR), और इलेक्ट्रानिक हेल्थ रिकार्ड (EHR) पर मंथन हुआ। साथ ही डिजिटल हेल्थ इंसेंटिव स्कीम और ई-शुश्रुत क्लिनिक के फायदे भी बताए गए। कार्यक्रम में लगाई गई आधुनिक डिजिटल तकनीकों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें IMA, बिहार मेडिकल काउंसिल और कई विशेषज्ञ डाक्टरों ने भी हिस्सा लिया।
डिजिटल रिकार्ड में बेगूसराय का शानदार प्रदर्शन
- बिहार राज्य के आंकड़े : पूरे राज्य में अब तक 6.5 करोड़ से ज्यादा आभा (ABHA) अकाउंट बन चुके हैं। 7.92 करोड़ इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (EHR) दर्ज हुए हैं और 37,654 स्वास्थ्य संस्थानों का HFR में पंजीकरण हुआ है।
- बेगूसराय जिले के आंकड़े : अकेले बेगूसराय में 19.49 लाख से अधिक आभा अकाउंट बन चुके हैं। जिले में 23.59 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड मौजूद हैं। इसके अलावा 19.84 लाख से अधिक स्कैन एंड शेयर टोकन जेनरेट हुए हैं और 1,010 स्वास्थ्य संस्थानों का सफलतापूर्वक HFR पंजीकरण हो चुका है।











