- 10 नए डिग्री कालेज शुरू, 19.5 लाख आभा कार्ड बने
- 18 नई औद्योगिक इकाइयों से 846 रोजगार का दावा
बेगूसराय | बिहार सरकार के ‘सेवा, संकल्प एवं समर्पण’ के 100 दिन पूरे हो गए हैं। इस मौके पर रविवार को बेगूसराय जिला प्रशासन ने भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम प्रेक्षा गृह सह आर्ट गैलरी में हुआ। यहां राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद जिले में हुए विकास कार्यों की शानदार रिपोर्ट पेश की गई। कार्यक्रम में डीएम श्रीकांत शास्त्री, डीडीसी आकाश चौधरी, मेयर पिंकी देवी और डिप्टी मेयर अनीता राय मौजूद रहीं। इसके अलावा एडीएम बृज किशोर चौधरी, कई अधिकारी, शिक्षक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं भी उपस्थित थे।

डीएम श्रीकांत शास्त्री ने जिले की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं। विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों का ब्यौरा इस प्रकार है:

उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा
- ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस के तहत 18 नए उद्योग लगाने की प्रक्रिया जारी है।
- इनमें ₹493.60 करोड़ का निवेश होगा और 846 लोगों को रोजगार मिलेगा।
- सिमरिया धाम के सौंदर्यीकरण और हाट निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।
- कावर झील और जयमंगला गढ़ में पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
- ‘ज्ञान भारतम्’ के तहत 75 साल से पुरानी पांडुलिपियों को डिजिटल किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, शिक्षकों और छात्रों ने सरकार की योजनाओं की तारीफ की। सभी ने मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का कड़ा संकल्प लिया।










