- श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
- अधिकारियों से कहा, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
बेगूसराय | श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुचारू आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने शुक्रवार को सिमरिया धाम से बाबा हरिगिरि धाम, गढ़पुरा तक कांवड़िया पथ का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मार्ग की स्थिति, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश, शौचालय तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता को कांवड़िया पथ की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध तत्काल हटाया जाए। कहीं भी जलजमाव नहीं होने दिया जाए। श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित आवागमन की लगातार निगरानी की जाए।

डीएम ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
गौरतलब है कि 30 जुलाई को बाबा हरिगिरि धाम में श्रावणी मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन किया गया था। मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, सुविधा और सुचारू आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला पदाधिकारी स्वयं विभिन्न व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।









