बेगूसराय | शंकर भवन संस्कृत उच्च विद्यालय, मेहदा शाहपुर के पूर्व प्रधानाध्यापक नवीन कुमार चौधरी की माता श्रीमती चंद्रकला देवी का निधन हो गया है। उन्होंने खगड़िया जिले स्थित अपने पैतृक गांव रहीमपुर में 99 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के बीच गहरी शोक की लहर दौड़ गई है।
स्वर्गीय चंद्रकला देवी जीवनपर्यंत अपने सरल, मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। पारिवारिक और सामाजिक जीवन में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा। वे अपने पीछे पोते, नाती और परपोतों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। दिवंगत का दाह संस्कार रहीमपुर गांव में ही नदी के तट पर किया गया, जहां अंतिम विदाई देने के लिए परिवार के सदस्यों के साथ-साथ कई शुभचिंतक मौजूद रहे।
गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की
उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। भाजपा नेता सह पंचायत समिति सदस्य मनोज भारती, जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष मो. जियाउल्लाह, मुखिया राजेश कुमार उर्फ रामलोली, आम आदमी पार्टी के नेता सुधीर कुमार सिंह, सरस्वती संस्कृत उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. प्रशांत कुमार और डॉ. अजिताभ सहित अन्य लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।










