बेगूसराय | भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) बेगूसराय अंचल परिषद की ओर से चल रही पदयात्रा का मंगलवार को दसवें दिन समापन हुआ। यह पदयात्रा कामरेड इंद्रदेव कुमार के नेतृत्व में निकाली गई। पदयात्रा विनोदपुर, अमरौर किरतपुर और रचियाही पंचायत के विभिन्न मार्गों से गुजरी। रतौली चौक पर बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अंचल मंत्री कामरेड श्याम बहादुर सिंह ने पदयात्रा कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की।
संविधान जलाने वाले लोग संविधान समीक्षा की बात कर रहे
इस मौके पर अंचल प्रभारी कामरेड अनिल कुमार अंजान ने कहा कि सुनियोजित साजिश के तहत संविधान की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सत्ता पक्ष पर संविधान के प्रावधानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि दिल्ली की सड़कों पर कल तक संविधान जलाने वाले लोग अब संविधान समीक्षा की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद जैसे शब्दों पर भी आपत्ति है। उन्होंने कहा कि ये लोग मनुस्मृति को ही संविधान मानते हैं।
राष्ट्रीय ध्वज स्वीकार करने में भी 52 साल लग गए
अनिल कुमार अंजान ने कहा कि तिरंगे को राष्ट्रीय ध्वज स्वीकार करने में भी 52 साल लग गए। उन्होंने 15 अगस्त के मौके पर पश्चिम बंगाल में एक मंत्री द्वारा पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज की जगह भाजपा का झंडा फहराने का आरोप लगाया। उन्होंने बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर जूता पहनकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का भी आरोप लगाया।
राम मंदिर में चोरी पर उठाए सवाल
उन्होंने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे और वोट चोरी को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि बदलाव जरूरी है। एक सितंबर को होने वाली दिल्ली रैली को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ दिल्ली रैली में शामिल होने का आह्वान किया। पदयात्रा में श्याम बहादुर सिंह, इंद्रदेव कुमार, सुनील कुमार, चंद्र मोहन शाह अकेला, उमेश सिंह, युगेश्वर पासवान, जयशंकर सिंह, हरेराम पासवान, गौतम कुमार, रविंद्र पासवान, जवाहर कुमार शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।













