- दस दिवसीय अभिनय कार्यशाला का समापन
बच्चों ने प्रस्तुत किया ‘द ओल्ड मैन’
बीहट (बेगूसराय) | रंगपुष्प संस्था के तत्वावधान में राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट में आयोजित दस दिवसीय अभिनय कार्यशाला का समापन बच्चों की नाट्य प्रस्तुति ‘द ओल्ड मैन’ के साथ हुआ। दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में बच्चों ने अभिनय और रंगमंच की बुनियादी समझ विकसित करने के साथ आवाज, अभिव्यक्ति, शारीरिक हाव-भाव, एकाग्रता और सामूहिक रूप से काम करने का अभ्यास किया।
कार्यशाला में प्रशिक्षण रंगपुष्प संस्था की सचिव एवं राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से स्नातक रंगकर्मी खुशबू कुमारी ने दिया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को अभिनय, आवाज एवं उच्चारण, बाडी लैंग्वेज, चेहरे के भाव, संवाद-अभिनय, एकाग्रता, कल्पनाशक्ति, पात्र निर्माण, टीमवर्क और मंच अनुशासन से जुड़े विभिन्न अभ्यास कराए गए। दस दिनों के अभ्यास के बाद बच्चों ने कार्यशाला के दौरान खुद से तैयार किए गए नाटक ‘द ओल्ड मैन’ का मंचन किया। प्रस्तुति में बच्चों ने अपने-अपने पात्रों को आत्मविश्वास के साथ निभाया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार और वरिष्ठ शिक्षक अनुपमा सिंह ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए रंगपुष्प संस्था और प्रशिक्षक खुशबू कुमारी के प्रयासों की प्रशंसा की।

बच्चों में रचनात्मकता विकसित करना मुख्य उद्देश्य
रंगपुष्प संस्था की सचिव एवं प्रशिक्षक खुशबू कुमारी ने कहा कि बच्चों के साथ रंगमंच पर काम करना उनके लिए भी सीखने और अनुभव साझा करने की प्रक्रिया रही। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को केवल अभिनय की तकनीक से परिचित कराना नहीं था, बल्कि रंगमंच के माध्यम से उनकी रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास को विकसित करना भी था। विद्यालय प्रधान रंजन कुमार एवं वरिष्ठ शिक्षक अनुपमा सिंह ने खुशबू कुमारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। बच्चों की ओर से भी अपने हाथों से बनाई गई पेंटिंग भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
बच्चों ने दिखाई एकाग्रता
कार्यशाला के दौरान बच्चों ने अभिनय के साथ अपनी बात प्रभावी ढंग से रखना, भावनाओं को अभिव्यक्त करना, एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना, मंच अनुशासन का पालन करना और सामूहिक रूप से एक प्रस्तुति तैयार करना सीखा। दस दिवसीय कार्यशाला का समापन ‘द ओल्ड मैन’ की भाव प्रस्तुति के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंत में रंगपुष्प संस्था की ओर से विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, विद्यालय परिवार और बच्चों के सहयोग एवं सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













