पटना | बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्रों को मिलने वाली सहायता राशि में संभावित कटौती को लेकर पूर्व विधान परिषद सदस्य भूमिपाल राय ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सहायता राशि को चार लाख रुपये से घटाकर दो लाख रुपये किए जाने की खबर छात्रों और अभिभावकों के हित में नहीं है। भूमिपाल राय ने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का बड़ा सहारा रही है। इसके माध्यम से कई छात्रों को आगे की पढ़ाई का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, नर्सिंग और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की फीस लगातार बढ़ रही है। ऐसे में दो लाख रुपये की सहायता पर्याप्त नहीं होगी। राशि में कटौती से कई प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक परेशानी के कारण अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाएंगे। राय ने कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य के विकास की आधारशिला है। युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर देने की जरूरत है। ऐसे समय में शिक्षा सहायता में कटौती उचित नहीं है। इससे छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
उन्होंने बिहार सरकार से फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। साथ ही योजना को और प्रभावी और सुलभ बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों, शिक्षाविदों और अभिभावकों से संवाद करना चाहिए। उनकी चिंताओं का समाधान भी किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा में निवेश ही बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जो युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दें। उनके रास्ते में आर्थिक बाधाएं खड़ी नहीं करें।













