बेगूसराय | भारत सरकार के उद्योग मंत्रालय की पहल पर शुक्रवार को बेगूसराय के राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर इंजीनियरिंग कालेज के सभागार में ‘तेजस’ (TEJAS) कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह पहल स्टार्टअप इंडिया (DPIIT) के तहत की गई है। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी और अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार, कालेज के प्राचार्य और जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने भी संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
युवाओं को संबोधित करते हुए डीडीसी आकाश चौधरीने कहा कि आने वाला समय सिर्फ उद्यमिता और इनोवेशन का है। जिला प्रशासन उद्यमियों की हर संभव मदद करेगा। चाहे जमीन आवंटन का मामला हो, कानून-व्यवस्था हो या बुनियादी सुविधाएं, प्रशासन समय पर सहायता उपलब्ध कराएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्थानीय संसाधनों का इस्तेमाल करें। मेहनत और लगन से काम करें। इससे वे खुद तो रोजगार पाएंगे ही, दूसरों को भी नौकरी दे सकेंगे।
प्रदर्शनी ने मोहा मन: स्थानीय उत्पादों की हुई तारीफ
आयोजन में एक शानदार प्रदर्शनी लगाई गई। सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने वाले उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने हर स्टाल का निरीक्षण किया और उत्पादों की जमकर सराहना की।
प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण
- PMEGP के तहत: नाज टेक्सटाइल्स द्वारा बनाए गए वस्त्र।
- PMFME के तहत: ‘खुशी हनी’ का शुद्ध शहद और ‘प्रिमिक्स आइसक्रीम’।
- मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत: गौरव रेडीमेड गारमेंट्स, पारंपरिक मिथिला पेंटिंग और सिक्की कला से बनी खूबसूरत कलाकृतियां।
सफलता रातों-रात नहीं मिलती
कार्यक्रम में कई सफल स्टार्टअप संस्थापकों ने अपनी कहानी साझा की। उन्होंने छात्रों को बताया कि सफलता एक रात में नहीं मिलती। किसी भी उद्यम को सफल बनाने के लिए लगातार मेहनत, धैर्य और चुनौतियों से लड़ने की क्षमता सबसे जरूरी है।
छात्रों में दिखा भारी उत्साह
इस आयोजन में लाभुकों के अलावा इंजीनियरिंग और पालिटेक्निक कालेजों के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। युवाओं को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।














