Download App from

नवोदय से सिमुलतला तक शिक्षा की मजबूत नींव रखने वाले गुरु एमएच गुफरान नहीं रहे

  • 1988 से 1993 तक रहे बेगूसराय नवोदय के दूसरे प्राचार्य, नेतरहाट में भी किया नेतृत्व
  • नवोदय समिति से मतभेद के बाद बिहार सरकार में लौटे, बिहार टेक्स्ट बुक समिति के रहे सलाहकार
  • सिमुलतला आवासीय विद्यालय के निर्माण में निभाई अग्रणी भूमिका
  • छह महीने पहले प्रकाशित हुई थी आखिरी पुस्तक, निधन तक जारी रहा अध्ययन और लेखन
  • ‘गंगा ग्लोबल इंस्टीट्यूट आफ टीचर एजुकेशन’ की प्रबंध समितियों में रहे

बेगूसराय | शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों और कक्षाओं तक सीमित न रखने वाले प्रख्यात शिक्षाविद् मलिक हबीब गुफरान (एमएच गुफरान) का नौ नवंबर 2026 को नोएडा में निधन हो गया। 78 वर्षीय गुफरान बीमार थे। उन्हें नोएडा के सेक्टर-125 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने, कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके निधन से बिहार और झारखंड के शिक्षा जगत में शोक की लहर है। जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसराय और नेतरहाट आवासीय विद्यालय के पूर्व छात्र, शिक्षक तथा शिक्षा से जुड़े लोग उन्हें याद कर रहे हैं। उनकी पहचान एक प्रखर विज्ञान शिक्षक, अनुशासनप्रिय प्रशासक, लेखक और दूरदर्शी शिक्षाविद् के रूप में रही।

एमएच गुफरान वर्ष 1988 से 1993 तक जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसराय के प्राचार्य रहे। वे विद्यालय के दूसरे प्राचार्य थे। इन पांच वर्षों में उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा दी। उनके कार्यकाल को विद्यालय के इतिहास का महत्वपूर्ण दौर माना जाता है। इससे पहले वे झारखंड के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्राचार्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनका निधन केवल एक शिक्षाविद् का जाना नहीं है, बल्कि उस पीढ़ी के मार्गदर्शक का विदा होना है जिसने ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर शिक्षा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

नवोदय समिति से मतभेद के बाद छोड़ी सेवा
बेगूसराय नवोदय विद्यालय में पांच वर्षों तक प्राचार्य रहने के बाद नवोदय विद्यालय समिति से उनके कुछ मुद्दों पर मतभेद हुए। इसके बाद उनका तबादला पुणे क्षेत्र की नवोदय विद्यालय समिति के एक विद्यालय में कर दिया गया। हालांकि, इस घटनाक्रम से वे संतुष्ट नहीं थे। अंततः उन्होंने नवोदय विद्यालय समिति की सेवा छोड़ने का निर्णय लिया। वे अपने मूल सेवा संवर्ग यानी बिहार सरकार में लौट गए। वहीं से सेवानिवृत्त हुए। लेकिन सेवानिवृत्ति उनके लिए शिक्षा से दूरी बनाने का कारण नहीं बनी। वे बिहार सरकार के शिक्षा विभाग से जुड़े रहे। बिहार टेक्स्ट बुक समिति के सलाहकार के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पाठ्यपुस्तकों के स्तर को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका रही। सिमुलतला आवासीय विद्यालय के निर्माण और उसकी शैक्षणिक परिकल्पना को आकार देने में भी उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई। वे मानते थे कि प्रतिभावान बच्चों को बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं।
अनुशासन के साथ छात्रों को जिम्मेदारी सिखाई
गुफरान साहब की प्रशासनिक शैली में अनुशासन का विशेष स्थान था। नेतरहाट और नवोदय दोनों आवासीय विद्यालय हैं। यहां विद्यार्थी चौबीसों घंटे परिसर में रहते हैं। ऐसे में वे शिक्षा को केवल कक्षा के छह घंटों तक सीमित नहीं मानते थे। उनका सिद्धांत था कि हर छात्र 24 आवर्स लर्नर यानी चौबीसों घंटे सीखने वाला विद्यार्थी बने। इसी सोच के तहत उन्होंने छात्रावास की दिनचर्या, खानपान, खेलकूद और अनुशासन के लिए कड़े नियम बनाए। विद्यालय की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कई आंतरिक उपसमितियां गठित कीं। इनमें अनुशासन, मेस संचालन और विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन से जुड़ी समितियां शामिल थीं। मेस व्यवस्था में उन्होंने छात्रों की भागीदारी को महत्व दिया। मेनू तय करने से लेकर राशन की गुणवत्ता जांचने तक की जिम्मेदारी छात्र मेस कमेटी को दी गई। इससे विद्यार्थियों में सामूहिक निर्णय लेने, जिम्मेदारी निभाने और वित्तीय अनुशासन की समझ विकसित हुई। उनका मानना था कि छात्र को केवल नियमों का पालन करने वाला नहीं, बल्कि व्यवस्था को बेहतर बनाने में भागीदार भी होना चाहिए।
बाटनिकल गार्डन से खेतों तक पहुंचाई विज्ञान की पढ़ाई
एमएच गुफरान केवल कुशल प्रशासक नहीं थे। वे प्रखर विज्ञान शिक्षक भी थे। भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और कृषि की व्यावहारिक शिक्षा पर उनकी गहरी पकड़ थी। उनका मानना था कि विज्ञान को केवल किताबों से नहीं पढ़ाया जा सकता। बच्चों को प्रकृति के बीच ले जाकर चीजों को देखने, समझने और उनका निरीक्षण करने का अवसर देना चाहिए। इसी विचार के साथ उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसराय में विशाल हर्बल और बाटनिकल गार्डन विकसित कराया। इसके लिए अलग से सरकारी बजट लेने के बजाय उन्होंने शिक्षकों और छात्रों को श्रमदान के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिसर की बेकार पड़ी जमीन को उपजाऊ बनाया गया। वहां औषधीय और अन्य उपयोगी पौधे लगाए गए। यह उद्यान विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक विज्ञान की प्रयोगशाला बना। आगे चलकर दूसरे विद्यालयों के लिए भी उदाहरण बना। वे छात्रों को कृषि फार्मों के दौरे पर भी ले जाते थे। वहां विद्यार्थी फसलों का अध्ययन करते, आंकड़े जुटाते और स्वयं निरीक्षण करना सीखते थे। उनका जोर अनुभव आधारित शिक्षा पर था। इसी सोच को उन्होंने अपनी पुस्तक ‘Activity-Based Learning Science’ में भी स्थान दिया। विज्ञान को गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने की उनकी इस अवधारणा को शिक्षा जगत में सराहना मिली। बिहार के तत्कालीन शिक्षा प्रधान सचिव विजय प्रकाश (आइएएस) ने भी उनके प्रयासों की प्रशंसा की थी।
पूर्व छात्रों के नाम और रोल नंबर तक थे याद
गुफरान साहब की सबसे खास विशेषताओं में उनकी असाधारण याददाश्त भी शामिल थी। जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसराय के पूर्व छात्र बताते हैं कि कई दशक बाद उनसे मिलने पहुंचने पर भी वे विद्यार्थियों को नाम से पहचान लेते थे। उन्हें उनके पुराने रोल नंबर तक याद रहते थे। वे उनकी पुरानी शरारतों और विद्यालय के दिनों की घटनाओं का भी उल्लेख करते थे। वे प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक क्षमता और कमजोरियों को समझते थे। उसी के अनुरूप उन्हें मार्गदर्शन देते थे। उनके लिए विद्यार्थी केवल विद्यालय के रजिस्टर में दर्ज नाम नहीं थे, बल्कि परिवार के सदस्यों की तरह थे। यही कारण था कि विद्यालय से निकलने के बाद भी हजारों पूर्व छात्रों का उनसे भावनात्मक जुड़ाव बना रहा। आज उनके अनेक विद्यार्थी प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

आखिरी सांस तक जारी रहा पढ़ना-लिखना
एमएच गुफरान का शिक्षा के प्रति समर्पण सेवानिवृत्ति के बाद भी कम नहीं हुआ। वे बिहार की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर लगातार अध्ययन और लेखन करते रहे। बिहार टेक्स्ट बुक समिति के सलाहकार के रूप में उनकी भूमिका रही। सिमुलतला आवासीय विद्यालय के निर्माण में योगदान दिया। बेगूसराय स्थित ‘गंगा ग्लोबल इंस्टीट्यूट आफ टीचर एजुकेशन’ की प्रबंध समितियों में रहकर उन्होंने नए शिक्षकों के प्रशिक्षण को भी दिशा दी। वे आखिरी समय तक पढ़ते और लिखते रहे। उनकी अंतिम पुस्तक भी निधन से करीब छह महीने पहले ही प्रकाशित हुई थी। एमएच गुफरान साहब का जीवन इस बात का उदाहरण है कि एक शिक्षक का प्रभाव उसकी नौकरी और सेवानिवृत्ति तक सीमित नहीं होता। वह अपने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्थानों की व्यवस्था और शिक्षा की दिशा में लंबे समय तक जीवित रहता है। नेतरहाट से बेगूसराय और सिमुलतला तक उनके योगदान की छाप रहेगी। उनके विद्यार्थी उन्हें एक ऐसे गुरु के रूप में याद रखेंगे, जिन्होंने अनुशासन सिखाया, सवाल पूछने की प्रेरणा दी और जीवनभर सीखते रहने का संदेश दिया।
सहकर्मी और पूर्ववर्ती छात्रों ने क्या कहा:-

प्रधान जी, हम सब आपको कभी नहीं भूलेंगे!
मलिक हबीब गुफ़रान के इस जहान से फ़ानी होने की ख़बर से मर्माहत हूं। अश्रुपूर्ण आंखों से इन्हें अलविदा कहते गला रुंध रहा है। शतधा नमन उन्हें। जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसराय के दूसरे संस्थापक प्रधानाचार्य रहे हैं। इसके पहले अपने पूर्वाधिकारी स्मृतिशेष श्रीमान बी. पांडेय सर की ही तरह नेतरहाट विद्यालय में शिक्षक थे। बिहार टेक्स्ट बुक कमेटी के तत्वावधान में बिहार के माध्यमिक विद्यालय के विज्ञान के सिलेबस निर्माण कमेटी के अध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रथम कार्यावधि में शिक्षा सलाहकार समिति के सदस्य रहे। जब वे नेतरहाट में थे तो आवासीय विद्यालय पर विशेष अध्ययन के लिए इन्हें लंदन के एटन पब्लिक स्कूल भेजा गया था। बेगूसराय नवोदय विद्यालय में इनके क्रियाकलापों पर एटन पब्लिक स्कूल स्टडी की स्पष्ट छाप मिलती थी। सेकुलर दृष्टिसंपन्न व्यक्तित्व के धनी गुफ़रान सर हम सभी शिक्षकों एवं छात्रों के प्रेरणास्रोत थे। वैज्ञानिक समझ और सोच की बुनियाद पर पढ़ाई और चेतना-सृजन के बड़े पैरोकार थे। खेल संस्कृति को इनके द्वारा बढ़ावे से जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसाय के छात्र और यहां की छात्राएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपना जल्वा बिखेरने में कामयाब हुईं थीं। हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी तीनों भाषा में इनकी साहित्यिक अदबी रचनाएं नमूदार हुई। अख़बारों के स्तंभों में बिहार के शिक्षा पर इनके अक्सर लेख आते रहते। बिहार शिक्षा जगत ने आज एक अमूल्य धरोहर खो दिया। बेगूसराय का अकादमिक जगत इनका सदा ऋणी रहेगा। छात्र-केंद्रित पढ़ाई के गुफ़रान सर मसीहा थे।
– भगवान प्रसाद सिन्हा, पूर्व शिक्षक, नवोदय विद्यालय बेगूसराय

बेहतरीन शिक्षक, उत्कृष्ट कृषि वैज्ञानिक और हार्डकोर सेक्युलर इंसान थे
गुफ़रान सर नेतरहाट विद्यालय के वरीय शिक्षक और हाउस मास्टर थे। वैसे तो श्रीमान जी एक बेहतरीन शिक्षक, उत्कृष्ट कृषि वैज्ञानिक और एक हार्डकोर सेक्युलर इंसान थे मगर यह बात मैं पूरी शिद्दत से कह सकता हूं कि उनके जैसे शैक्षणिक प्रशासक विरले ही मिलते हैं। उनकी सिचुएशन मैनेजमेंट स्किल्स, टीम मैनेजमेंट, बच्चों की एनर्जी का चैनलाइजेशन और उनका विज़न उन्हें एक बेहतरीन संस्थान-निर्माता बनाते हैं। जानते हैं उनका तबादला क्यों हुआ था बेगूसराय नवोदय से? समिति के बजट से एक ही जेनरेटर ख़रीदने का प्रावधान था। नब्बे के दशक के बिहार में बिजली की क्या स्थिति थी आप सबको विदित है। श्रीमान जी ने अभिभावकों के साथ बैठक की, उन्हें विश्वास में लिया और उनके चंदे के पैसों से दूसरा जेनरेटर भी ख़रीदा। बेगूसराय नवोदय में एक नहीं, दो जेनरेटर थे। बच्चों को लिखने के लिए नोटबुक्स भी बेहिसाब मिलते थे। कोई सीमा न थी। समिति से यह बातें बर्दाश्त न हुईं। वस्तुस्थिति का पता लगने के बाद तत्कालीन निदेशक श्रीमती नीरू नंदा ने उन्हें रोकने की हर संभव कोशिश की मगर श्रीमान जी नहीं माने। वह वापस बिहार सरकार चले गए।
हमें आज भी याद है किस मेहनत और ईमानदारी से उन्होंने हमारे स्थाई कैंपस को बनाया और संवारा था। वह हमारे विद्यालय का स्वर्णिम युग था – ’87 से ’93. करीब 25 एकड़ में फ़ैला ख़ूबसूरत कैंपस, हज़ारों शीशम के पेड़, भांति-भांति के फूलों की क्यारियां और दो बड़े मैदान। शिक्षक आवास के ठीक सामने का मैदान फुटबाल के लिए था और परिसर में दाख़िल होते ही बाईं तरफ़ क्रिकेट और एथलेटिक्स के लिए। क्लस्टर मीट में आने वाले दूसरे नवोदय के खेल प्रतिभागी भी हमारे यहां के ट्रैक्स और भोजन की ख़ूब तारीफ़ करते। साल 2012 में जब हमने अपने विद्यालय की रजत जयंती मनाई तो श्रीमान जी आये थे। दो दिन रहे और हमने अपने पुराने दिनों को जी भर कर जिया। फ़िर साल 2019 की एलुमनाई मीट में भी आये। इस बार माताजी भी साथ थीं। एलुमनाई एसोसिएशन के अवदान से बने शेड का उद्घाटन उनके हाथों ही हुआ था। क्या-क्या लिखूं? मन उद्विग्न है। प्रतिभा को पहचानने और निखारने में माहिर थे श्रीमान जी। उन्होंने बिपुल सर और मनमोहन सर जैसे भूतो न भविष्यते शिक्षकों को पहचाना और उन्हें भरपूर इज़्ज़त दी। प्रतिहस्त सर (डॉ. अशोक कुमार प्रतिहस्त) और झा सर (श्री डी के झा) जैसे शिक्षकों को विद्यालय प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका दी। रजत जयंती समारोह में बोलते हुए उन्होंने प्रतिहस्त सर और झा सर को अपना दोनों हाथ बताया था।
अब और नहीं लिखा जाता….माफ़ी चाहता हूं… मुकेश भैया ने बिलकुल ठीक लिखा है, श्रीमान जी का सुपुर्दे-ख़ाक होना एक युग का अंत है।
– रंजन झा, पूर्ववर्ती छात्र, नवोदय विद्यालय बेगूसराय

Picture of विजय झा

विजय झा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In India
Digital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: wetter in Indien morgen

राशिफल

error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x