गया | झारखंड के वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने बिहार के बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर को उड़ाने की धमकी दी है। यह धमकी मंदिर प्रबंधन को एक पत्र के जरिए मिली है। पटना, दिल्ली और रांची पुलिस हरकत में आ गई है। गया पुलिस की एक टीम ने धनबाद पहुंचकर प्रिंस खान के घर की तलाशी ली। मामले में ISI का भी ज़िक्र है। पुलिस जांच कर रही है कि यह धमकी प्रिंस खान ने खुद दी है या किसी और ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। प्रिंस खान 2021 से फरार है। बताया जाता है कि वह दुबई में छिपा है।
धनबाद पहुंची गया पुलिस, वासेपुर में प्रिंस खान के यहां ली तलाशी
सुबह गया पुलिस की एक टीम सब इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में धनबाद पहुंची। बैंक मोड़ पुलिस ने भी बिहार पुलिस का साथ दिया। टीम ने वासेपुर में प्रिंस खान के घर की तलाशी ली। हालांकि, पुलिस इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दे रही है। पुलिस अभी तक यह पुष्टि नहीं कर पाई है कि धमकी भरा पत्र प्रिंस खान ने ही भेजा है या किसी और ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है।
2021 से फरार चल रहा है प्रिंस खान
बता दें, प्रिंस खान 2021 से फरार चल रहा है। उस पर जमीन कारोबारी नन्हे की हत्या का आरोप है। धनबाद पुलिस उसे ढूंढ रही है, लेकिन वह अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया है। उसका पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया है। उसके प्रत्यर्पण की कोशिशें भी जारी हैं। आखिरी बार प्रिंस खान दुबई में देखा गया था।
