बेगूसराय | जिले के सदानंदपुर गांव निवासी युवा साहित्यकार डॉ. अभिषेक कुमार को रविवार को पटना में वैदेही सम्मान – 2024 से सम्मानित किया गया। नारी सशक्तिकरण और अधिकार के क्षेत्र में काम करने वाली बिहार की प्रमुख संस्था वैदेही फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अभिषेक कुमार को यह सम्मान बिहार की गोल्डन गर्ल के नाम से प्रसिद्ध जमुई विधायक सह ओलंपियन श्रेयसी सिंह के हाथों प्रदान किया गया। डॉ. अभिषेक कुमार को यह सम्मान नारी शोषण और उत्पीड़न के विरुद्ध कविता के माध्यम से आवाज उठाने के लिए दिया गया है। डॉ. अभिषेक ने बताया कि वैसे तो मैंने अपने प्रत्येक काव्य संग्रह में नारी शोषण, उत्पीड़न, लैंगिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई है, लेकिन यह सम्मान “कुछ कही, कुछ अनकही ” काव्य-संग्रह में संग्रहित स्त्री विमर्श की कविताओं के लिए दिया गया है। डॉ. अभिषेक की अब तक कुल 13 किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं।
साहित्यकारों व बुद्धिजीवियों ने दी बधाई
वैदेही फाउंडेशन की ओर से आयोजित “अनुपम मुहीम, अनुपम डेग ” कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया जबकि मंचस्थ अतिथियों में डॉ. गोपाल राय, संस्था की निदेशक अनुपम झा, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति आदि प्रमुख थे। पटना में सम्मानित किये जाने को लेकर बेगूसराय के बुद्धिजीवियों और साहित्यकारों ने खुशी व्यक्त करते हुए डॉ. अभिषेक कुमार को शुभकामनाएं प्रेषित की ।
