बेगूसराय (बीहट) | राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार को बेंगलुरु के प्रेस्टीज सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में आयोजित भारत के सबसे बड़े शिक्षा नेतृत्व संवाद कार्यक्रम इन्वोक इडी के चौथे अधिवेशन में शिक्षाग्रह-2025 से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के मुख्य सचिव संजय कुमार (IAS) और इंफोसिस के सह-संस्थापक एवं शिक्षालोकम के संस्थापक एस. डी. शिबूलाल के हाथों मिला। श्री कुमार को सम्मान के रूप में प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान किया गया।
अमेरिका, इंग्लैंड समेत 24 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हुए शामिल
समारोह में अमेरिका, इंग्लैंड, ब्राजील, जापान, केन्या, सिंगापुर, इंडोनेशिया, फिलीपींस, वेनेजुएला, दक्षिण अफ्रीका आदि सहित 24 से अधिक देशों के शिक्षाविद, नीति-निर्माता, निजी कॉरपोरेट क्षेत्रों, सामाजिक संगठनों और मीडिया हाउस के प्रतिनिधि उपस्थित थे। जैसे ही शिक्षाग्रह सम्मान 2025 के विजेताओं के नाम घोषित हुए, पूरा सभागार रंजन कुमार (प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय बीहट), रजीता एन (कर्नाटक, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर), जेवियर चंद्रकुमार (तमिलनाडु, हाई स्कूल प्रधानाध्यापक) और मुस्कान अहिरवार (भोपाल, किताबी मस्ती कैंपेन की संचालिका) के सम्मान में तालियों से गूंज उठा।
400 से अधिक नामांकन और दो माह चली चयन प्रक्रिया
पूरे देश स्तर पर चिह्नित किए गए 400 से अधिक नामांकनों के बीच लगातार दो माह तक कठोर चयन प्रक्रिया के उपरांत रंजन कुमार सहित कुल चार व्यक्ति को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया। निर्णायक मंडल में भारत सरकार की पूर्व शिक्षा सचिव अनीता करवाल, रमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता एवं गूंज के संस्थापक अंशु गुप्ता, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्री प्रो. स्टीफन डेर्कोन, पद्मश्री सुधा वर्गीज और शिक्षाविद् डॉ. उर्वशी साहनी जैसे विशेषज्ञ शामिल थे।

