बेगूसराय | केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह के नेतृत्व में रविवार शाम तिरंगा यात्रा निकाली गई। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सेना के पराक्रम को सलाम करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवादियों और उनके आकाओं के सीने पर दागी गई मिसाइल है। यह भारत की रणनीतिक परिपक्वता, निर्णायक नेतृत्व और तीनों सेनाओं के शौर्य का वैश्विक उद्घोष है। भारत ने दिखा दिया है कि वह बिना युद्ध की घोषणा किए दुश्मन की सीमा में घुसकर जवाब देने में सक्षम है। भारतीय वायुसेना ने मात्र 90 मिनट में पाकिस्तान पर इतने मिसाइल दागे कि वह घुटनों पर आ गया।
खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ मजबूती के साथ लड़ने की क्षमता रखता है। इसी का नतीजा है कि आज भारत ने पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर धूल चटा दी। नगर विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे देश की सेना को खुली छूट दी और सेना ने अपने पराक्रम का परिचय दिया। सेना ने आतंकवादियों के सभी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि सेना के सम्मान में यह भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि पूरे देश के राष्ट्रवादी नागरिक, सेना के साथ है।
कहां से कहां तक निकली तिरंगा यात्रा : तिरंगा यात्रा हर हर महादेव चौक होते हुए पटेल चौक, मुख्य बाजार का भ्रमण करते हुए शहीद स्थल तक निकाली गई। शहीद स्थल पर पुष्पांजलि के बाद यात्रा समाप्त हुई। यात्रा के दौरान हजारों युवाओं के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था। यात्रा में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।
