पटना | राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने हड़ताली राजस्व कर्मियों के लिए एक अंतिम अवसर की घोषणा की है। इस संबंध में विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलों के डीएम को पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है कि 30 मई की शाम 5 बजे तक जो भी राजस्व कर्मचारी हड़ताल से लौट जाएंगे उन्हें हड़ताल की अवधि के लिए उपार्जित अवकाश मिलेगा। उनकी सेवा नियमित मानी जाएगी। 30 मई के बाद लौटने वाले कर्मियों के वेतन का भुगतान ‘नो वर्क, नो पे’ के आधार पर किया जाएगा। उनकी सेवा नियमित करने के बारे में विभाग बाद में निर्णय लेगा। सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों से कहा है कि ऐसे राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन विभाग को जल्द से जल्द उपलब्ध करवाएं।
तीन दिन के अंदर लौटने को कहा था : इस संबंध में विभाग ने 21 मई को समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया के जरिए सभी हड़ताली राजस्व कर्मचारियों को तीन दिन के अंदर लौटने की चेतावनी दी थी। इसके बाद कई जिलों ने विभाग को बताया था कि कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर पदस्थापन स्थल पर योगदान कर लिया है।
प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 29-05-2025@NitishKumar @sanjay_saraogi @IPRDBihar #biharrevenueandlandreformsdept#biharbhumi#land#landsurvey#pressrelease pic.twitter.com/8gxpD83bLl
— Revenue and Land Reforms Department (@BiharRevenue) May 29, 2025
