बेगूसराय | बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रदेश में 25 जून से मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू किया गया है। बेगूसराय जिले में भी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य चल रहा है, लेकिन इसकी रफ्तार अभी धीमी है। 25 जून से अब तक मात्र 2.72 प्रतिशत (59117 मतदाता) ही गणना प्रपत्र भरकर दस्तावेजों के साथ वापस लिए गए हैं। 26 जुलाई तक 97.28 प्रतिशत मतदाताओं (21 लाख 84 हजार 60) से गणना प्रपत्र भरवाने हैं।
बताते चलें कि बेगूसराय जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 22 लाख 45 हजार 144 है। हालांकि इस संबंध में डीएम तुषार सिंगला ने सभी निर्वाचक निबंधन पदधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को गणना प्रपत्र वापस लेने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है, ताकि ससमय कार्य पूर्ण हो सके। डीएम ने बताया कि अब तक 1967 मतदाताओं का बीएलओ ऐप के माध्यम से गणना प्रपत्र भरा गया है।
विशेष अभियान में वालंटियर्स से भी कार्य लें
DM सिंगला ने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से BLO से लगातार समीक्षा करने का निर्देश दिया है ताकि BLO गणना प्रपत्र वापस लेने का कार्य में तेजी लाएं। इसके साथ ही इस विशेष अभियान में लगाए गए वालंटियर्स से भी कार्य लेने का निर्देश दिया गया है ताकि कार्य की प्रगति ससमय सुनिश्चित हो सके।
विशेष गहन पुनरीक्षण- 2025
🔹 हाउस टू हाउस सर्वेक्षण: 🗓️ 25 जून से 26 जुलाई 2025
🔹 ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन: 🗓️ 1 अगस्त 2025
🔹 दावे एवं आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि: 🗓️ 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 pic.twitter.com/g1oYQFuN44— Chief Electoral Officer, Bihar (@CEOBihar) July 3, 2025
