बेगूसराय | अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने11वीं विज्ञान संकाय में सीट बढ़ाने को लेकर शिक्षा मंत्री को पत्र लिखा है। विभाग संयोजक दिव्यम कुमार ने बताया कि आज बेगूसराय जिले के विभिन्न प्लस टू संस्थानों में विज्ञान संकाय में बहुत ही कम मात्रा में सीट बची हुई है। जिले के हजारों छात्र अपनी रुचि के अनुरूप पढ़ाई हेतु संकाय चयन नहीं कर पा रहे हैं। इस बार 11वीं में नामांकन में बड़े स्तर पर त्रुटि हुई है। कई अच्छे अंक वाले छात्र-छात्राओं का भी नाम चयन सूची में नहीं आना पारदर्शिता पर प्रश्न खड़ा करता है।
मेधा सूची का प्रकाशन नहीं हो रहा
डंडारी नगर मंत्री दिवेश कुमार एवं सोशल मीडिया संयोजक मनीष कुमार ने कहा कि जिले के कई विद्यालयों से ऐसी सूचना आ रही है कि वहां विज्ञान संकाय में नामांकन के लिए बिचौलिये 5000 से लेकर ₹12000 रुपए तक की डिमांड कर रहे हैं। अधिकांश विद्यालयों में आवेदन जमा कर मेधा सूची का प्रकाशन नहीं किया जा रहा है। इस कारण नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं है। विद्यार्थी परिषद ऐसी गतिविधियों की कड़ी निंदा करती है। जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांग है कि विभिन्न विद्यालयों में नामांकन के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर अविलंब रोक लगे। मौके पर शिवानी ,रोहिणी सहित कई छात्र-छात्रा उपस्थित थे।










