- कल प्रधानमंत्री मोदी गंगा नदी पर बने सिमरिया-औंटा सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करेंगे
- तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मंत्री संजय सरावगी भी थे मौजूद
बेगूसराय | 22 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा नदी पर बने नए सिमरिया-औंटा सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने डिप्टी सीएम विजय सिन्हा गुरुवार को सिमरिया पहुंचे थे। उनके साथ राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री संजय सरावगी भी मौजूद थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं। ये बेशर्म लोग हैं, जो राजनीति में खलनायक की भूमिका निभाकर केवल अफवाह का वातावरण बनाते हैं। ये नेता बिहार के राजनीतिक माहौल को बिगाड़ना चाहते हैं। संवैधानिक संस्था का अपमान करना लोकतंत्र का अपमान है। इन लोगों को माफी मांगनी चाहिए। जिनको संविधान में विश्वास नहीं है, वे संविधानिक पद पर बैठने के योग्य नहीं हैं।
राजनीति को जागीर समझ बैठे हैं राहुल और तेजस्वी
उन्होंने कहा कि राहुल और तेजस्वी यादव परिवारवाद की राजनीति करते हैं और इसे अपनी जागीर समझ बैठे हैं। सोने के चम्मच लेकर जन्म लेने वाले राहुल गांधी और तेजस्वी यादव किसी भी हद तक गिर सकते हैं। ये लोग वोट पाने के लिए समाज को तोड़ने और तुष्टिकरण की राजनीति करने से भी पीछे नहीं हटते। यही लोग संसद और विधानसभा में नौटंकी करके जनता को गुमराह करने का काम करते हैं।
Begusarai, Bihar: Deputy Chief Minister Vijay Sinha says, “Rahul Gandhi and Tejashwi Yadav are creating an environment of lawlessness, playing the role of antagonists. Their mindset repeatedly disrespects constitutional institutions, undermines social harmony, and seeks to… pic.twitter.com/hZyQVyqZJx
— IANS (@ians_india) August 21, 2025
बिहार में गुंडाराज की कोई जगह नहीं
लखीसराय की घटना का जिक्र करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव ने वहां सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। ये लोग शायद भूल गए हैं कि अब बिहार में लालू प्रसाद यादव के समय वाला जंगलराज नहीं है। यहां सुशासन की सरकार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास और सुशासन के लिए समर्पित है। बिहार में गुंडाराज की कोई जगह नहीं है।
तिरंगे से सजाया गया गंगा नदी पर बनाया गया सिक्स लेन पुल।बिहार के विकास का नया अध्याय है सिक्स लेन पुल
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सिमरिया धाम हजारों वर्षों से कल्पवास का प्रमुख केंद्र रहा है। मिथिला, मगध और अंग की त्रिवेणी संगमभूमि के रूप में यह स्थल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस धाम के विकास का संकल्प लिया था और वह संकल्प अब साकार होने जा रहा है। बिहार में पहली बार सिक्स-लेन पुल का लोकार्पण होने जा रहा है, जो न केवल राज्य की जनता को समर्पित होगा बल्कि विकास की मजबूत नींव भी रखेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार इस ऐतिहासिक भूमि को नई पहचान दे रही है। यह पुल न केवल बेगूसराय बल्कि पूरे उत्तर बिहार की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को गति देगा।