बेगूसराय | जिला रेड क्रॉस सोसाइटी बेगूसराय ने एक बार फिर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजी है। यह पहल बाढ़ से प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने और उनके जीवन-यापन को सुचारू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।जिला पदाधिकारी सह जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष तुषार सिंगला ने हरी झंडी दिखाकर राहत सामग्री से भरी गाड़ी की दूसरी खेप को रवाना किया। इस खेप में खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता
डीएम सिंगला ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेड क्रॉस सोसाइटी एवं जिला प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवारों को सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि राहत कार्य निरंतर एवं चरणबद्ध तरीके से चलाए जाएंगे और जरूरतमंद परिवारों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जाएगी। इस मौके पर रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी डाॅ. नलिनी रंजन, दिलीप सिन्हा, सरिता सुल्तानियां एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।












