बेगूसराय | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के बाद अब बिहारियों की तुलना बीड़ी से करने जैसी मानसिकता विपक्ष की नकारात्मक सोच को दर्शाती है। नकारात्मक मानसिकता को समाप्त करने के लिए हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं। जो लोग शक्ति का अपमान करते हैं, उनकी कभी मुक्ति संभव नहीं है। ये बातें प्रदेश के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को सिमरिया धाम में कही। वे यहां शुक्रवार की रात ही पत्नी सुशीला देवी के साथ पहुंचे। शनिवार को सिमरिया धाम में गंगा स्नान कर जल लेकर अशोक धाम के लिए रवाना हुए। यहां वे अमृत लक्खी महोत्सव में शामिल होंगे। यहां महा रुद्राभिषेक, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रसिद्ध कलाकार मनोज तिवारी इस अवसर पर विशेष प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन मिथिला, मगध और अंग की सांस्कृतिक त्रिवेणी को जोड़ते हुए नई पीढ़ी को अपनी विरासत और सनातन संस्कृति से परिचित कराने का संदेश देगा।
