बेगूसराय | बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की अधिसूचना की तिथि घोषित कर दी गई है। दो चरणों में मतदान होना है। बेगूसराय के निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने बताया कि जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में चेरिया बरियारपुर, बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, बेगूसराय तथा बखरी (अनुसूचित जाति) में मतदान 6 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। डीएम ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के साथ ही सभी सार्वजनिक जगहों से राजनीतिक दल से जुड़े बैनर, पोस्टर एवं दीवार लेखन हटाए जा रहे हैं।
48 हजार से अधिक वोटर पहली बार मतदान करेंगे
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, बेगूसराय जिले में कुल 21,29,452 मतदाता हैं। इनमें 11,30,640 पुरुष, 9,98,773 महिला और 39 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इस बार कुल 2537 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निर्वाचन पदाधिकारी सिंगला ने बताया कि इस बार 48 हजार 264 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। ये मतदाता 18-19 साल के हैं। पहली वोट करने वालों में 2 थर्ड जेंडर भी हैं। सबसे ज्यादा मतदाता मटिहानी विधानसभा क्षेत्र (3,52,495) में हैं। सबसे कम मतदाता (2,61,717) साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र में हैं।
चुनाव के लिए 270 सेक्टर पदाधिकारी तैनात
डीएम सिंगला ने बताया कि चुनाव के सफल संचालन के लिए 23 कोषांग का गठन किया गया है। 270 सेक्टर पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्र में एक-एक जनरल ऑब्जर्वर 10 अक्टूबर तक बेगूसराय आ जाएंगे।
बाजार समिति के स्ट्रांग रूम में जमा होगी ईवीएम
जिले में 7 विधानसभा क्षेत्र के लिए 6 डिस्पैच सेंटर बनाए गए हैं। सभी ईवीएम की रिसीविंग बाजार समिति में होगी और वहीं स्ट्रांग रूम में जमा किया जाएगा। 14 नवंबर को बाजार समिति में ही सभी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना होगी।
यह भी जानिए
♦ दिव्यांग मतदाता : 20,515 (पुरुष 12,823, महिला 7,692)
♦ पहली बार मतदान करने वाले युवा (18-19 वर्ष): 48,264 (पुरुष 27,860, महिला 20,402, थर्ड जेंडर : 2)
♦ 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता: 10,711
♦ सेवा मतदाता: 4,218
जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री तुषार सिंगला द्वारा आज दिनांक 06.10.2025 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के उपरांत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों एवं पत्रकारों के साथ वार्ता की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग… pic.twitter.com/AUsrWNcRVx
— जिला प्रशासन बेगूसराय (@DM_Begusarai) October 6, 2025
संबंधित खबर