बेगूसराय | शहर के उत्तरी सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह चौक के पास स्टेट हाईवे 55 पर शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल है। घायल युवती का इलाज शहर के एक निजी क्लीनिक में चल रहा है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी रजौड़ा निवासी पूजा कुमारी और कोमल कुमारी प्रतिदिन साइकिल से पुलिस लाइन आती थी। यहां दोनों सिपाही बहाली के लिए दौड़ती थी। शुक्रवार की सुबह करीब 4:48 बजे भी दोनों सहेली दौड़ने के लिए साइिकल से आ रही थी। इसी दौरान बेगूसराय से मंझौल की ओर जा रहे बेलगाम हाईवा ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में कोमल की मौत हो गई जबकि पूजा की हालत गंभीर है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। लोहियानगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दौड़ लगा रहे चार युवकों ने सदर अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद दौड़ लगा रहे चार युवकों ने दोनों युवतियों की जान बचाने का भरसक प्रयास किया। युवकों ने दोनों को उठाकर ई-रिक्शा से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कोमल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पूजा को उसके परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
कोमल का सिपाही बनने का सपना अधूरा रह गया
बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जिनेदपुर पंचायत के सिकंदरपुर रजौड़ा वार्ड नंबर 6 निवासी राजकुमार राय की 22 वर्षीया बेटी कोमल कुमारी सिपाही बनना चाहती थी। अभी कुछ दिन पहले ही एसएससी जीडी पुलिस का रिजल्ट आया था। वह मेरिट लिस्ट में थी। फिजिकल और मेडिकल होना बाकी थी। फिजिकल टेस्ट के लिए वह सहेली पूजा के साथ दौड़ने पुलिस लाइन आती थी। लेकिन इस हादसे ने जहां राजकुमार राय से उनकी कोमल को छीन लिया वहीं कोमल का सिपाही बनने का सपना अधूरा रह गया। वह बहन में अकेली थी।
पूजा की शादी हो चुकी
हादसे में जिनेदपुर पंचायत के सिकंदरपुर रजौड़ा वार्ड नंबर 6 निवासी रामबाबू पोद्दार की 26 वर्षीया बेटी पूजा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। वह शादीशुदा है। वह भी अपनी सहेली कोमल के साथ दौड़ लगाने पुलिस लाइन आती थी।
