पटना | बिहार में विधानसभा चुनाव की आहट आने लगी है। एक दिन पहले बुधवार को नीतीश कुमार ने अबकी पार 225 सीट पार का नारा दिया था। गुरुवार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने दिलीप जायसवाल को बिहार भाजपा की कमान सौंप दी। भाजपा ने सम्राट चौधरी को पद से हटाते हुए दिलीप जायसवाल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इस संबंध में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पत्र जारी करते हुए लिखा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एमएलसी दिलीप जायसवाल को तत्काल प्रभाव से बिहार भाजपा को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा पार्टी ने राज्यसभा सदस्य मदन राठौड़ को राजस्थान का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
प्रदेश सरकार में भूमि सुधार मंत्री हैं जायसवाल
दिलीप जायसवाल अभी प्रदेश सरकार में भूमि सुधार मंत्री हैं। वे बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। वे तीसरी बार विधान परिषद के सदस्य बने हैं। इससे पहले वे बिहार प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष भी रहे हैं। जायसवाल केंद्रीय गृह मंत्री अिमत शाह के खास माने जाते हैं। उन्होंने 2005 से 2008 तक बिहार राज्य भंडारा निगम के अध्यक्ष का भी पद संभाला है।
भाजपा ने छह राज्यों में प्रभारी भी नियुक्त किए
इसके अलावा भाजपा ने छह राज्यों में प्रभारी नियुक्त किए हैं। भाजपा ने हरीश द्विवेद्वी को असम, सांसद अतुल गर्ग को चंडीगढ़, राधामोहन दास अग्रवाल को राजस्थान, डॉ. राजदीप रॉय को त्रिपुरा और अरविंद मेनन को लक्षद्वीप व तमिलनाडु का प्रभारी नियुक्त किया है।
