बेगूसराय। बेगूसराय में जमीनी विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना को लेकर अफरा-तफरी मची रही। गांव के दबंगों ने दूसरे पक्ष के पुलिस जवान को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना लोहिया नगर थाना क्षेत्र के पन्हास वार्ड नंबर 26 की है। घायल पुलिस जवान की पहचान पन्हास वार्ड नंबर 26 के रहने वाले रामनरेश सिंह के बेटे मनीष कुमार के रूप में की गई है, जो मधेपुरा एसपी के आवास पर तैनात है। घायल जवान ने बताया कि उसके पड़ोसी उसकी जमीन को जबरन कब्जा करना चाहते हैं। विरोध करने पर दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की। उन्होंने बताया जमीन के झगड़े को सुलझाने के लिए ही वह पांच दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मामले के छानबीन कर रही है।
