बेगूसराय | जिले के सभी गैर सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का डाटा ई-शिक्षा कोष पर अपलोड करना जरूरी है। अगर किसी विद्यालय ने डाटा अपलोड नहीं किया है और दो दिन के अंदर ऐसा नहीं करते हैं तो उनका यू डायस कोड रद्द कर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार, गैर सरकारी विद्यालयों में नामांकित बच्चों की विवरणी ईशिक्षा कोष पर करना अपलोड करना अनिवार्य है। प्रतिदिन की गई समीक्षा में पाया गया है कि अभी तक मंसूरचक प्रखंड को छोड़कर अन्य प्रखंडों के सभी गैर सरकारी विद्यालयों के बच्चों की विवरणी ईशिक्षा कोष पर अपलोड नहीं की जा सकी है।
छात्रों की तुलना में छात्राओं की संख्या अधिक
बताते चलें कि वर्ष 2023-24 में गैर सरकारी स्कूलों ने 5206 तो 2024-25 में 9941 छात्रों की जानकारियां अपलोड की हैं। वहीं इन स्कूलों ने वर्ष 2023-24 में 6862 तो वर्ष 2024-25 में 14791 छात्राओं का डाटा अपलोड किया है। कुल 428 गैर सरकारी स्कूलों में से अब तक 272 स्कूलों ने ही डाटा अपलोड किया है।
ट्रांसजेंडरों की भी जानकारी दी है
ट्रांसजेंडर बच्चों के मामले में 2024-25 में भगवानपुर में एक और बेगूसराय प्रखंड में एक का डाटा अपलोड किया गया है। इसी संबंध में 23 अगस्त को ऑनलाइन बैठक बुलाई गई है।
