- बीबीगंज गांव के समीप पुल पर गुरुवार की सुबह 5.30 बजे घटी घटना
- पुल के डिवाइडर से टकराई महिंद्रा की TUV 300, सात लोग थे सवार
- तीन ने घटनास्थल एवं दो ने इलाज के लिए ले जाने के दौरान तोड़ा दम
- हादसे में दो जख्मियों का आरा सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
- रक्षाबंधन के दिन विंध्याचल गया था परिवार
आरा | भोजपुर जिले के गजराजगंज थाना अंतर्गत बीबीगंज पुल के पास गुरुवार सुबह करीब 5.30 बजे भीषण हादसा हो गया। हादसे में मां-बाप, पिता-पुत्र और बहन समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। सभी मूल रूप से अजीमाबाद थाना क्षेत्र के कमरियांव गांव के हैं। वर्तमान में यह परिवार पटना के दानापुर में रहता था। जानकारी के अनुसार, सभी लोग विंध्याचल से लौट रहे थे। हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
मृतकों में भूप नारायण पाठक (56), पत्नी रेणु देवी (50), पुत्री अर्पिता पाठक (25), पुत्र विपुल पाठक (28) और पोता हर्ष पाठक (3) शामिल हैं। विपुल पाठक की पत्नी मधु देवी एवं एक छोटी बच्ची का इलाज स्थानीय सदर अस्पताल आरा में चल रहा है।
पूजा पाठ कराते थे भूप और विपुल पाठक

मृतक के भतीजे शिबू पाठक ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन ही सभी लोग महिंद्रा (TUV 300) गाड़ी से विंध्याचल मंदिर में दर्शन करने गए थे। गुरुवार की सुबह पटना लौट रहे थे। लौटने के क्रम में विपुल पाठक गाड़ी चल रहे थे। बीबीगंज गांव के समीप शायद विपुल को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकरा गई। भूप नारायण पाठक व पुत्र विपुल पाठक मंदिर एवं घरों में पूजा पाठ करने का काम करते थे।
