- दांत की बीमारियों के प्रति लोगों को किया गया जागरूक
- सुल्तानिया विवाह में भवन में लगा नि:शुल्क कैंप
बेगूसराय | यदि दांत में कीड़ा लग गया हो, दर्द कर रहा हो तो उसे उखड़वाएं नहीं बल्कि उसे बचाने का प्रयास करें। क्योंकि दांत शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है। मजबूत और स्वस्थ दांत पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। ये बातें आरडीएस डेंटल केयर के तत्वावधान में सुल्तानिया विवाह भवन में आयोजित निःशुल्क दंत चिकित्सा जांच सह जागरूकता शिविर में डेंटल सर्जन डॉ. गीता कुमारी ने कहीं। उन्होंने कहा कि दांत का दर्द असहनीय होता है। लोग इस परेशानी से बचने के लिए अच्छे दांत को भी निकलवा देते हैं, यह गलत है। यदि दांत बचने योग्य हो तो रूट कैनाल ट्रीटमेंट के जरिए बचाया जा सकता है। गलत खान-पान और दांतों के रखरखाव के प्रति लापरवाही के कारण अधिकतर लोग दांत संबंधित बीमारियों से जूझ रहे हैं।
स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह होने से अस्पताल में भीड़ बढ़ रही: अनिता राय

नगर निगम की उप महापौर अनिता राय ने कहा कि बीमारियों के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना सराहनीय कार्य है। स्वास्थ्य के प्रति सजग नहीं होने के कारण आज अस्पतालों में लोगों की भीड़ लगी रहती है। उन्होंने कहा कि भाग-दौड़ की जिंदगी में लोग शरीर में हो रहे परेशानियों को तब तक इग्नोर करते हैं जब तक पीड़ा असहनीय न हो जाए। फिर बीमारी के गंभीर होने पर अस्पताल जाते हैं।
लोगों को बीमारियों से बचने के तरीके बताए गए
डॉ. गीता कुमारी ने जांच शिविर में आए लोगों को दांतों को बीमारियों से बचाने के टिप्स दिए। साथ ही ब्रश करने के तरीके बताए। लोगों को दवाई और पेस्ट भी निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। कैम्प में बड़ी संख्या में साहू समाज और मारवाड़ी समाज के लोग शामिल हुए। मौके पर शांति प्रसाद, कृष्णा गुप्ता, गुड्डी कुमारी, अलका आदि मौजूद थीं।
