लखीसराय | लखीसराय में शुक्रवार को किऊल नदी में एक नाव पलट गई। हादसे में दो से तीन लोगों के डूबने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार, नाव में कुल 8 से 10 लोग सवार थे। हादसा मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के देवघरा चन्द्र टोला में हुई है। नदी में लापता लोगों की खोजबीन जारी है। सभी लोग नाव पर सवार होकर देवघरा से दियारा जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
अधिकतर लोगों ने तैरकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव जब आगे बढ़ी तो उसके कुछ देर बाद डगमागने लगी। लोगों का कहना है कि तेज हवा चलने के कारण नाव पलटी। नाव में 8 से 10 लोग सवार थे। नाव के पलटने के बाद अधिकांश लोगों ने तैरकर जान बचाई। हालांकि तीन लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है।
लापता लोगों की तलाश जारी
हादसे की खबर मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचे। प्रशासन को भी घटना की सूचना दी गई। इसके बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर लापता लोगों की खोज में जुटे हैं।
मुजफ्फरपुर : एक दिन पहले बागमती में डूबी थी नाव
गुरुवार को मुजफ्फरपुर में एक नाव बागमती नदी में डूब गई थी। हादसा औराई थाना क्षेत्र के फतेहपुर बैरौना गांव में हुआ था। इस हादसे में करीब 10 लोग डूबे थे। एसडीआरएफ की टीम ने इनमें से 8 लोगों को नदी से सुरक्षित निकाल लिया था जबकि 2 लोग लापता बताए गए हैं। ये लोग बागमती नदी पार कर मवेशी पशु चारा लाने जा रहे थे। मझधार में नाव पलटी गई।
