रांची | झारखंड में एक बार फिर ‘इंडिया’ की सरकार बनने जा रही है। इंडिया गठबंधन ने झारखंड विधानसभा के चुनाव में 81 सीटों में से 56 सीटें जीतीं। सरकार बनाने के लिए 41 का आंकड़ा चाहिए। प्रदेश की जनता ने ‘एक बार फिर हेमंत सरकार’ के नारे को सच साबित करते हुए इंडिया गठबंधन को प्रचंड बहुमत दिया है। पीएम मोदी ने भी सीएम हेमंत सोरेन के इस शानदार जीत की बधाई दी है। जहां एनडीए को केवल 24 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है वहीं जेएलकेएम पार्टी को 1 सीट पर जीत हासिल हुई। निर्वाचन आयोग की ओर से सभी 81 सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं।
धनुष से निकला मंईयां सम्मान योजना का तीर निशाने पर लगा
इस विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण रही। सरकार ने महिलाओं के लिए मंईयां सम्मान निधि योजना की घोषणा थी। योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपए दिए जाने की शुरुआत हुई। 31 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिनपर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। इन इलाकों में महिलाएं वोट देने के लिए भी बड़ी संख्या में आगे आईं, परिणाम यह हुआ कि जेएमएम और उनकी सहयोगी पार्टियों को महिलाओं का आशीर्वाद मिला।
‘साथ चलकर सोना झारखंड के निर्माण का लें संकल्प’
चुनाव जीतने के बाद शनिवार देर शाम सीएम हेमंत सोरेन ने जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आइए साथ चलकर हम सोना झारखंड के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में काम करेगी। हम एक नई ऊर्जा और नई ताकत के साथ झारखंड को सोना झारखंड और हीरा झारखंड बनाने के लिए प्रयास करेंगे।
हेमंत-कल्पना आदिवासी मतदाताओं को अपनी ओर करने में कामयाब रहे
हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने चुनाव की घोषणा के बाद करीब 200 रैलियां कीं। चुनाव विश्लेषण के अनुसार, हेमंत और कल्पना सोरेन दोनों ही आदिवासी मतदाताओं के बीच सहानुभूति की लहर पैदा करने में कामयाब रहे। जबकि भाजपा ने चुनाव प्रचार में संथाल परगना क्षेत्र में ‘घुसपैठियों’ को बाहर निकालने को मुद्दा बनाया था, जो झामुमो के ‘आदिवासी’ कार्ड के सामने फीका पड़ गया।
झारखंड में जीत के बाद हेमंत सोरेन की प्रतिक्रिया
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा, “आदरणीय बाबा दिशोम गुरुजी और मां का संघर्ष एवं आशीर्वाद हमारी ताकत है। अब और मजबूती के साथ झारखण्ड के हक-अधिकार के लिए काम होगा. जय झारखण्ड! जय जय झारखण्ड!”
समस्त झारखण्डवासियों को जोहार,
आइए, साथ चलकर हम सोना झारखण्ड के निर्माण का संकल्प लें।
जय संविधान!
जय लोकतंत्र!जय झारखण्ड! pic.twitter.com/0uwet4t90f
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 23, 2024
PM Modi ने झारखंड की जनता को किया नमन, कहा- महाराष्ट्र में विकासवाद, सुशासन की जीत हुई
नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज हम यहां एक और ऐतिहासिक महाविजय का उत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। आज महाराष्ट्र में विकासवाद, सुशासन, सच्चे सामाजिक न्याय की जीत हुई है। विभाजनकारी ताकते हारी हैं। परिवारवाद की हार हुई है। महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है।उन्होंने कहा, मैं झारखंड की जनता को भी नमन करता हूं। झारखंड के तेज विकास के लिए हम अब और ज्यादा मेहनत से काम करेंगे और इसमें भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपना हर प्रयास करेगा।

1 thought on “Jharkhand में फिर हेमंत सरकार : ‘इंडिया’ गठबंधन ने 56 सीटें जीतीं, ‘मंईयां को सम्मान’ से मिली सत्ता”
Perfect news