- बेगूसराय में जीविका दीदी कौशल सह उत्पादन केंद्र का उद्घाटन
- केंद्रीय मंत्री ने कहा- मैं जीविका दीदी का उपकार नहीं भूल सकता
बेगूसराय | आने वाले दिनों में बेगूसराय भी लुधियाना की तरह टेक्सटाइल हब बनेगा। इस जिले को टेक्सटाइल हब भी यहां की जीविका दीदियां ही बनाएंगी। ये बातें केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह ने शनिवार को पचम्बा स्थित जीविका दीदी का सिलाई घर में जीविका दीदी कौशल सह उत्पादन केंद्र के उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि मैं जीविका दीदी का उपकार नहीं भूल सकता। इन्हीं के कारण मैं संसदीय चुनाव जीत सका।

NSDC के सहयोग से चलाया जाएगा उत्पादन केंद्र
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेशनल स्किल डेवलपेंट काउंसिल (NSDC) नई दिल्ली के सहयोग से इस उत्पादन केंद्र काे चलाया जाएगा। यहां अभी जीविका दीिदयों को पावरलूम-हैंडलूम और सिलाई की ट्रेनिंग दी जाएगी। एक बैच को 45 दिनों की ट्रेनिंग दी जाएगी। एक बैच में 30 जीविका दीदी होंगी। एक दिन में 4 बैच को ट्रेनिंग मिलेगी। इस उत्पादन केंद्र में निफ्ट की ओर से डिजाइनिंग के लिए कंप्यूटर लगाए गए हैं। जीविका दीदी कंप्यूटर की सहायता से खुद भी डिजाइन तैयार कर सकती हैं।
जिले में करीब पौने दो लाख जीविका दीदी लखपति बनीं
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बेगूसराय के 28 हजार से अधिक समूहों से जुड़ी 3 लाख 42 हजार से अधिक दीदियां आज लखपति और करोड़पति बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। यहां करीब साढ़े तीन लाख लाख बहन जीविका से जुड़ी हैं। जिसमें 1,78,000 दीदी लखपति बन गई हैं। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब देश के प्रधानमंत्री का सपना साकार होगा और हर दीदी लखपति और करोड़पति बन जाएंगी।

स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के प्रति महिलाएं जागरूक हुई हैं : कुंदन कुमार
नगर विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि जब ग्रामीण महिलाएं कमाना शुरू कर देंगी तब समझिए कि भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। महिलाएं अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के प्रति भी जागरूक हुई हैं। मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह ने केंद्र के प्रारम्भ होने को एक बड़ी उपलब्धि करार देते हुए कहा कि अब जीविका दीदियों के सपने को पंख मिल गया है।

कार्यक्रम को पूर्व एमएलसी रजनीश कुमार, डीएम तुषार सिंगला, एनएसडीसी के सीईओ वेद मणि तिवारी, पटना NIFT के डायरेक्टर कर्नल राहुल शर्मा ने भी संबोधित किया। समारोह में TSC (textile sector skill council) की सीईओ स्वप्ना मिश्रा, एनएसडीसी की मीडिया प्रभारी जूली भी मौजूद थीं। मंच संचालन दूरदर्शन की वरिष्ठ एंकर रूपम त्रिविक्रम ने और धन्यवाद ज्ञापन जीविका के राज्य परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार ने किया।
