- गोपालगंज के राजवाही गांव के रहने वाले थे दोनों मजदूर
- लगातार हिंसा में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी
- हजारों परिवार रिलिफ कैंप में रहने को मजबूर
इंफाल/एजेंसी | मणिपुर में शनिवार देर शाम उपद्रवियों ने बिहार के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना काकचिंग जिले में हुई। मृतकों की पहचान सुनालाल कुमार (18) और दशरथ कुमार (17) पुत्र मोहन सानी के रूप में हुई है। दोनों बिहार के गोपालगंज जिले के राजवाही गांव के रहने वाले थे। राजवाही गांव यादवपुर थाने के अंतर्गत आता है। पुलिस ने बताया कि दोनों मजदूर साइकिल से किराए के घर लौट रहे थे तभी उपद्रवियों ने उन्हें गोली मारी। गोली मारने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस जांच कर रही है।
दोनों मजदूर कंस्ट्रक्शन का काम करते थे
पुलिस ने बताया कि दोनों मजदूर काकचिंग जिले के केइराक में कंस्ट्रक्शन का काम करते थे। घटना पंचायत कार्यालय के पास की है। घटना की सूचना मिलने पर मजदूरों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने ‘अप्राकृतिक मौत’ का मामला दर्ज किया है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

1 thought on “Manipur Violence : घर लौट रहे बिहार के 2 मजदूरों की गोली मारकर हत्या, पंचायत कार्यालय के पास गोली मारी”
चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण .. राज्य सरकार को समुचित रूप से संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। अभी वहां और भी बिहारी हैं, उनके जान माल की सुरक्षा को लेकर सरकार की चिंता भी सामने आनी चाहिए ।