- दिल्ली के भारत मंडपम में विजन कॉन्क्लेव का आयोजन
- लेट्स इंस्पायर बिहार की प्रदेश को बदलने की पहल
नई दिल्ली | भारत मंडपम में लेट्स इंस्पायर बिहार (LIB) की ओर से 2047 विज़न कॉन्क्लेव का आयोजन हुआ। इसमें बिहार से जुड़े उद्यमियों, स्टार्टअप्स के प्रणेता ने भाग लिया। आइपीएस विकास वैभव ने 22 मार्च 2021 से लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान शुरू किया हुआ है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए इन कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। IPS विकास वैभव ने कहा कि LIB का उद्देश्य 2047 तक एक विकसित भारत के अन्दर एक विकसित बिहार का निर्माण करना है। वर्तमान में करीब 1.50 लाख से अधिक लोग इस अभियान से जुड़े हैं। यह अभियान युवाओं को बिहार में स्वरोजगार, स्टार्टअप शुरू करने में सहायता कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार को अपनी गहरी नींद से जागने, निष्क्रियता तोड़ने और लंबे समय से जारी जड़त्व से बाहर निकलने की जरूरत है। हमें उस अंतर्निहित शक्ति और क्षमता पर विश्वास करना चाहिए, जिसने एक समय में दुनिया को नेतृत्व प्रदान किया था।
सुनिए, और क्या कहा विकास वैभव ने
राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आग्रह
आइपीएस वैभव ने कहा कि समाज में बनाए गए विभिन्न प्रकार के भेदों से ऊपर उठे बिना, हम 2047 तक तो क्या, 2147 तक भी बिहार का विकास नहीं कर पाएंगे। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए श्रोताओं से परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित हम सभी किसी जाति, समुदाय, धर्म, रंग या संप्रदाय का प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि बिहार के विकास के लिए एक साझा दृष्टि का प्रतीक हैं।
यह समागम नेतृत्व करने की बिहार की क्षमता को दर्शाता है : मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह समागम भारत की विकास गाथा में नेतृत्व करने की बिहार की क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने इस अभियान और इसके उद्देश्यों की सराहना की और इसके संरक्षक विकास वैभव को इस मंच के निर्माण के लिए बधाई दी। कवि शंभू शेखर ने कहा कि लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान ने आम लोगों, विशेष रूप से बिहार के युवाओं, में राज्य के उज्ज्वल भविष्य के प्रति एक नई आशा जगाई है। कार्यक्रम में इस्लामी धर्मगुरु मौलाना कल्बे रुशैद रिज़वी, विधायक श्रेयसी सिंह, मशहूर गायिका नीतू कुमारी नूतन, स्वास्थ्य विशेषज्ञ शशिकांत राय (स्वास्थ्य मंत्रालय), नीदरलैंड में व्यवसाय जमाये बिहारी मूल के जयंत शांडिल्य आदि शामिल थे।
