- मिथिला हाट के तर्ज पर विकसित किया जाएगा सिमरिया घाट को
- प्रगति यात्रा के तीसरे चरण में बेगूसराय को साढ़े पांच अरब की योजनाओं की सौगात

बेगूसराय | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी प्रगति यात्रा के तीसरे चरण के तहत शनिवार को बेगूसराय पहुंचे। यहां उन्होंने करीब साढ़े पांच अरब की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने सदर प्रखंड स्थित नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने के बाद यहीं से 641 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट दबाकर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
प्रगति यात्रा के क्रम में सीएम नीतीश कुमार का पहला पड़ाव मटिहानी विधानसभा क्षेत्र का मनिअप्पा पंचायत था। यहां उन्होंने 1 करोड़ 35 लाख 39 हजार 600 रुपए की लागत से निर्मित पंचायत सरकार भवन और मनरेगा की ओर से 9.69 लाख रुपए की लागत से निर्मित खेल परिसर का उद्घाटन किया। पंचायत सरकार भवन प्रांगण में जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करने के बाद जीविका दीदियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों में काफी आत्मविश्वास दिख रहा है। उनकी बोलचाल, रहन-सहन और जीवन शैली में काफी बदलाव आया है।

कावर झील का हवाई सर्वेक्षण किया
मुख्यमंत्री का दूसरा पड़ाव मंझौल अनुमंडल रहा। यहां उन्होंने कावर झील का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद यहां उन्होंने 1053.33 लाख रुपए की लागत वाली 75 शय्या वाले अनुमंडलीय अस्पताल का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कावर झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके समेकित विकास के लिए झील को जोड़ने वाली सभी नालों की उड़ाही की जाएगी। इससे जल प्रवाह क्षेत्र बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि मिथिला हाट के तर्ज पर ही सिमरिया घाट एवं कल्पवास मेला क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शाम्हो में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की।
माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री नीतीश कुमार द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान बेगूसराय जिला अंतर्गत मंझौल अनुमंडल के चेरियाबरियारपुर प्रखंड स्थित कावर झील का ए हवाई सर्वेक्षण किया । pic.twitter.com/hr9RUThfCt
— जिला प्रशासन बेगूसराय (@DM_Begusarai) January 18, 2025
अब नए रूप में दिखेगा सदर प्रखंड कार्यालय

सीएम नीतीश कुमार का तीसरा पड़ाव बेगूसराय प्रखंड सह अंचल कार्यालय रहा। यहां उन्होंने 1841 लाख रुपए की लागत से बने भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बेगूसराय प्रखंड सह अंचल कार्यालय के परिसर में स्थित राजस्व कार्यालय, अंचल कार्यालय और विकास कार्यालय आदि का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन बहुत अच्छा बना है, अब लोगों को एक ही जगह पर सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। इसके बाद समाहरणालय में कई विभागों की समीक्षात्मक बैठक की।

बिगड़े बोल : सीएम कहना कुछ और चाह रहे थे, बोल कुछ और गए
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मनिअप्पा पंचायत में जीविका दीदियों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान सीएम लड़कियों के बारे में ऐसा कह गए कि सभी दंग रह गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कोई लड़की कपड़ा पहनती थी जी। अब कितना बढ़िया हो गया। सब कितना अच्छा कपड़ा पहन रहीं हैं और बोलती कितना बढ़िया हैं। पहले नहीं बोल पाती थी, बहुत अच्छा है। दरअसल, मुख्यमंत्री का कहना था कि सरकार की योजनाओं के कारण ही जीविका दीदियों की हालत सुधरी है। उनके पहनावे-ओढ़ावे में फर्क आया है। लेकिन सीएम इसी बात को इस तरह बोल गए कि बात का बंतगड़ हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद मंत्री विजय चौधरी तुरंत ही माजरा भांप गए और उन्होंने सीएम को आगे कुछ बोलने से रोक दिया।
सुनिए क्या कुछ कहा था सीएम ने
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य, कृषि सह बेगूसराय जिले के प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, नगर विधायक कुंदन कुमार, मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, विधान पार्षद सर्वेश सिंह, बेगूसराय नगर निगम की मेयर पिंकी देवी, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, डीएम तुषार सिंगला, एसपी मनीष कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने छह घोषणाएं की
माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री नीतीश कुमार द्वारा बेगूसराय जिला अंतर्गत प्रगति यात्रा के क्रम में की गई महत्वपूर्ण घोषणाएं ।
छह महत्त्वपूर्ण घोषणाएं की गई जिसकी कुल अनुमानित लागत 840 करोड़ है। pic.twitter.com/EBk5VThcoD— जिला प्रशासन बेगूसराय (@DM_Begusarai) January 18, 2025
शाम्हो से आए कोल इंडिया के रिटायर्ड इंजीनियर सीएम से नहीं मिल पाए
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) धनबाद से रिटायर्ड इंजीनियर शाम्हो टोटहा निवासी वकील चौधरी सीएम से नहीं मिल पाए। वे नाव से गंगा नदी पार कर मटिहानी आए थे। उन्होंने कहा कि सीएम का आमलोगों से मिलने का कार्यक्रम भी रखना चाहिए था ताकि लोग अपनी समस्या उनके सामने रखते। क्या कुछ कहा उन्होंने सुनिए उनकी जुबानी
खबर यह भी पढ़ें
