- एडीजीपी कस्सी सुहिता अनुपम और डीएसपी अनिल कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए मिलेगा पदक
नई दिल्ली/एजेंसी | गणतंत्र दिवस के मौके पर विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए बिहार पुलिस के 9 अफसरों को राष्ट्रपति पदक मिलेगा। पदक पाने वालों में एडीजी, एसपी, डीएसपी, एसआइ और एएसआइ आदि शामिल हैं। एडीजीपी कस्सी सुहिता अनुपम, IPS संजय कुमार और IPS मनोज कुमार को भी पदक मिलेगा। कस्सी सुहिता अनुपम और डीएसपी अनिल कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है वहीं कमांडेंट हरि मोहन शुक्ला, एसपी संजय कुमार और मनोज कुमार, एसआइ जय प्रकाश, एसआइ संजीत कुमार, एसआइ शशिकांत और एएसआइ अमितेश कुमार उपाध्याय को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया जा रहा है। बताते चलें कि गणतंत्र दिवस 2025 के मौके पर विशिष्ट सेवा के लिए 101 राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए 746 पदक दिए जा रहे हैं।
NSG के इंस्पेक्टर जनरल दीपक कुमार केडिया सहित पांच कर्मियों को पुलिस पदक
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के इंस्पेक्टर जनरल (मुख्यालय) दीपक कुमार केडिया और एनएसजी के चार अन्य उत्कृष्ट कर्मियों को उनकी अद्वितीय सेवाओं और समर्पण के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इंस्पेक्टर जनरल (मुख्यालय) दीपक कुमार केडिया को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलेगा।
इसके अलावा विशिष्ट योगदान और कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए ग्रुप कमांडर सुनील शर्मा, सेकंड इन कमांड विशाल पाटीदार, स्क्वाड्रन कमांडर ओमवीर सिंह और रेंजर-I सुरेश पिलानिया को भी पुलिस पदक से नवाजा जाएगा।
CRPF के 82 शूरवीर को राष्ट्रपति पुलिस मेडल
सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के 82 अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। 19 वीरों को वीरता के लिए पदक मिलेगा। छह अधिकारियों-जवानों को विशिष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक दिया जा रहा है। सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मान पाने वालों में सीआरपीएफ के 57 शूरवीरों हैं।
