बेगूसराय | Computer आपको कम्पीटेंट बनाता है। मैं दुनिया बदल सकता हूं, ऐसा कंप्यूटर शिक्षा से ही संभव हो सकता है। बच्चों में सही ज्ञान जरूरी है। अगर आपको सही ज्ञान है तो आपको नौकरी खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी बल्कि नौकरी आपको खोजेगी। ये बातें प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नलिनी रंजन ने बाइट कंप्यूटर्स ट्रेनिंग सेंटर के 28वें स्थापना दिवस समाराेह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। इससे पहले अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। छात्रा रतन प्रिया और छवि कुमारी ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। डॉ. नलिनी रंजन ने कहा कि मैंने 60 वर्ष की उम्र में कंप्यूटर सीखा। चिकित्सकों के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण रामबाण औषधि की तरह है।
समाराेह को संबोधित करते हुए न्यूरो सर्जन डॉ. मारुति नंदन ने कहा कि संस्थान के निदेशक, शिक्षकों एवं छात्रों का परिश्रम की वजह से आज यह संस्थान यहां तक पहुंचा है। 28 वर्षों का सफर आसान नहीं होता है। यह यात्रा अनवरत चलती रहनी चाहिए।
कर्म को प्रधानता दें : कंप्यूटर प्रशिक्षण पाने वाले छात्रों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अरविंद चौधरी ने कहा कि कर्म नहीं करने वाला आगे नहीं बढ़ पाता है। संस्थान के निदेशक संजय सिंह कर्मनिष्ठ हैं। बच्चे कर्म को प्रधानता दें। क्योंकि कहने भर से कुछ नहीं होता, करने से ही दुनिया बदलती है।
अपने संस्कारों को न भूलें : दंत चिकित्सक डॉ. मुरारी मोहन ने छात्रों से कहा कि अपने संस्कार नहीं भूलने चाहिए। इस संस्थान से मेरा 20 वर्षों का जुड़ाव रहा है। निदेशक एवं उनकी पूरी टीम की मेहनत सराहनीय है। वहीं पूर्व वार्ड पार्षद ब्रजेश कुमार प्रिंस ने कहा कि आज के युग में आप कंप्यूटर प्रशिक्षण लेकर ही पूर्ण रूप से साक्षर कहला सकते हैं। यहां से पढ़ चुके कई छात्र आज सरकारी दफ्तरों में नौकरी कर रहे हैं।
आपका काम ही आपकी पहचान : डॉन बॉस्को स्कूल के निदेशक अभितोष कुमार मधुकर ने कहा कि काम के प्रति समर्पण ही किसी भी इंसान को ऊंचाई पर ले जाता है। आपका काम ही आपकी पहचान है। अपने लक्ष्य पर निश्चित रूप से फोकस करें। वहीं विकास विद्यालय के निदेशक राज किशोर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण तो हर जगह दिया जाता है किंतु यहां प्रशिक्षण के साथ-साथ एक मुकम्मल इंसान भी बनाने का प्रयास किया जाता है। यह केवल स्थापना दिवस कार्यक्रम नहीं बल्कि एक सफरनामा है। नौकरी वही करता है जिसे काम पर भरोसा होता है लेकिन व्यवसाय वह करता है जिसे अपने आप पर भरोसा होता है।

1 thought on “Computer आपको कम्पीटेंट बनाता है : डॉ. नलिनी रंजन”
सत्य और सकारात्मक खबरों को आम जन तक पहुंचाने वाले न्यूज़ पोर्टल न्यूज़ विस्टा को बहुत-बहुत धन्यवाद।