- 4 मई से 15 मई तक बेगूसराय राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का होगा आयोजन
बेगूसराय। जिला पदाधिकारी बेगूसराय तुषार सिंगला द्वारा आगामी khelo india youth games 2025 के अंतर्गत बेगूसराय जिला में आयोजित होने वाले फुटबाल गेम्स के आयोजन की तैयारी हेतु शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी द्वारा आगामी खेल आयोजन की तैयारी के संबंध में सभी तैयारी पहले से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने बताया कि यह आयोजन बेगूसराय के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और दर्शकों का महाकुंभ बेगूसराय में लगने जा रहा है।
राष्ट्रीय खेल से बेगूसराय को मिलेगी एक अलग पहचान
बेगूसराय में पहली बार इस तरह के राष्ट्रीय खेल का आयोजन हो रहा है जिससे न सिर्फ खेल को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बेगूसराय को एक अलग पहचान मिलेगी। उन्होंने जिलेवासियों से फुटबॉल के इस महाकुंभ में बढ़–चढ़ कर भाग लेने की अपील की। स्टेडियम में की गई भव्य तैयारी, मैदान की संरचना, स्टेज, दर्शक दीर्घा और खिलाड़ियों की सुविधाओं पर गहन चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने के लिए लाइव प्रसारण, डॉक्यूमेंट्री निर्माण, खिलाड़ियों के इंटरव्यू और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का विशेष कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की तर्ज पर सभी सुविधाओं से स्टेडियम को किया जा रहा लैस
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की तर्ज पर सभी सुविधाओं से IOCL रिफाइनरी स्टेडियम और यमुना भगत स्टेडियम बरौनी को लैस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की ट्रेनिंग, मेडिकल सुविधा, आपातकालीन सेवाएं, स्वच्छता, खान-पान और तकनीकी संचार को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। खिलाड़ियों के ठहराव, परिवहन और सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीम गठित की गई है। विदित हो कि बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन हो रहा है, जिसमें 4 मई से 15 मई तक बेगूसराय राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। IOCL रिफाइनरी मैदान और यमुना भगत स्टेडियम बरौनी में देश भर से चयनित महिलाओं और पुरुषों की 8—8 टीमें अपने फुटबॉल खेल का प्रदर्शन करेंगी।
