- 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल
- 2020 में भी तीन चरणों में कराए गए थे विधानसभा चुनाव
- चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं
पटना | बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव दो से तीन चरणों में कराया जा सकता है। बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है, इस कारण उससे पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बताते चलें कि वर्ष 2020 में भी विधानसभा चुनाव तीन चरणों में कराए गए थे। जबकि 20215 में पांच चरणों में चुनाव हुए थे। चुनाव आयोग इस बार भी दीपावली और छठ को ध्यान में रखते हुए चुनाव की तारीख तय करेगा। सूत्रों के मुताबिक, सितंबर के पहले सप्ताह में चुनाव आयोग तारीखों की घोषणा कर देगा। पिछली बार की तरह इस बार भी बिहार की सभी 243 सीटों पर तीन फेज में चुनाव होने की संभावना है।
इसी माह बिहार का दौरा करेंगे मुख्य चुनाव आयुक्त
सूत्रों के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त इस महीने बिहार का दौरा करेंगे। कर्मचारियों और BLO को खास ट्रेनिंग दी जा रही है। आयोग ने अब डुप्लीकेट EPIC नंबर खत्म कर दिए गए हैं और मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए वोटर लिस्ट को रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया के डेटा से जोड़ा है। 18 साल के युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
ECINET: डिजिटल क्रांति
चुनाव आयोग ने एक नया डिजिटल डैशबोर्ड ECINET शुरू करने का फैसला किया है। यह एक इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म है, जो पहले की 40 ऐप और वेबसाइट की जगह लेगा। इससे चुनाव प्रक्रिया को और पारदर्शी और तेज बनाने में मदद मिलेगी।
एपिक नंबर को आधार से लिंक कराना है
बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग इस पता लगाया कि अगर एपिक नंबर को आधार से लिंक किया गया है तो उसकी पुष्टि क्यों नहीं की गई? अगर लिंक नहीं किया है तो उसकी वजह जानी जाएगी। इसके लिए बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) अपना संपर्क नंबर वोटर्स के साथ शेयर करेगा। ऐसा फर्जी वोटर को रोकने के लिए किया जाएगा।
वोटरों के लिए नई सुविधाएं
- एक बूथ पर अब अधिकतम 1200 वोटर होंगे, पहले यह संख्या 1500 थी।
- घनी आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
- बूथ दो किलोमीटर से ज्यादा दूर न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।
- हाई-राइज इमारतों में पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
- मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा करने की सुविधा होगी।
- वोटर स्लिप पर सीरियल और पार्ट नंबर बड़े और स्पष्ट अंकों में लिखे होंगे।
2020 में क्या हुआ था : पहले चरण में 71 सीटों पर 28 अक्टूबर, दूसरे चरण में 94 सीटों पर 3 नवंबर और तीसरे चरण में 78 सीटों पर 7 नवंबर को वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 10 नवंबर को हुई थी।
