पटना | लगोरी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नासिक (महाराष्ट्र) में 5-7 जून तक जूनियर लगोरी चैंपियनशिप 2025 (फाउंडर कप) खेला गया। बिहार ब्वायज की टीम ने नेशनल लगोरी चैंपियनशिप का खिताब जीता जबकि गर्ल्स की टीम उप विजेता बनी। पटना पहुंचने पर दोनों टीम की खिलाड़ियों का फूल-माला से स्वागत किया गया। नवगछिया जिला लगोरी संघ के अध्यक्ष अनुज चौरसिया ने कहा कि लगोरी हमारा प्राचीन खेल है इसमें लगातार दूसरे साल दोहरा खिताब जितना बिहार के लिए गर्व की बात है। बिहार ब्वायज की टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया।
राज्य सरकार ट्रेडिशन खेल के रूप में मान्यता दे : लगोरी एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने कहा कि कम समय में ही खिलाड़ियों ने मेहनत और लगन से बिहार का नाम ऊंचा किया है। मात्रा तीन वर्ष पुरानी लगोरी संगठन पिछले और और अब इस वर्ष दोहरे खिताब जीत कर राज्य और संगठन का सम्मान बढ़ाया है। बिहार सरकार लगोरी को ट्रेडिशन खेल के रूप में मान्यता प्रदान करे।
अगला लक्ष्य सीनियर नेशनल में मेडल प्राप्त करना – रंधीर कुमार
लगोरी एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव रंधीर कुमार ने बताया कि अगला लक्ष्य सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में मेडल प्राप्त करना है। जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में बिहार ब्वायज की टीम ने लीग मैचों में महामुंबई, झारखंड, कर्नाटक और हरियाणा को हराया। सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को हराया। फाइनल में गोवा की टीम को लगातार दो सेट हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं गर्ल्स की टीम ने लीग मैच में कर्नाटक, गोवा को जबकि सेमीफाइनल में गोवा को हराया। फाइनल में बिहार की टीम हरियाणा से हारकर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
ब्वायज टीम में बेगूसराय के 7 खिलाड़ी : बेगूसराय जिला लगोरी संघ के अध्यक्ष बब्बन कुमार पवन ने बताया कि राज्य टीम ब्वायज ग्रुप में बेगूसराय के सात खिलाड़ी प्रिंस कुमार ‘भोला’ (उप कप्तान) पुलकित गौतम, विशाल दर्शन, मो. रेहान अंसारी, कन्हैया कुमार, दिलखुश कुमार और आयुष कुमार शामिल थे।
बेगूसराय की लड़कियों ने किया बिहार का प्रतिनिधित्व : बेगूसराय जिला लगोरी संघ के सचिव वागीश आनंद ने बताया कि राज्य की गर्ल्स टीम में सभी 12 खिलाड़ी बेगूसराय की थी। इनमें मीठी कुमारी (कप्तान), साक्षी सिंह (उप कप्तान), करुणा कुमारी, करीना कुमारी, सुलेखा कुमारी, स्वाति कुमारी, शिवानी कुमारी, साक्षी कुमारी, अभिलाषा कुमारी, प्रियदर्शनी गौतम, भाव्या श्री और कल्पना कुमारी शामिल थी।
