- पैतृक गांव सिमरिया दो पंचायत के रूपनगर में लगेगा साहित्यकारों का मेला
- शक्र की काव्य पुस्तक श्रमदेवता का लोकार्पण होगा
बेगूसराय (बीहट) | कवि रामावतार यादव शक्र की 38 वीं पुण्यतिथि पर 10 जून 2025 को उनकी काव्य पुस्तक श्रमदेवता का लोकार्पण होगा। कविवर शक्र साहित्य उत्थान समिति सिमरिया दो के बैनर तले रूपनगर दुर्गा स्थान के समीप पैक्स भवन में कार्यक्रम आयोजित होगा। समिति के संयोजक राहत रंजन व प्रवीण प्रियदर्शी ने बताया कि मंगलवार की दोपहर एक बजे से जिले के कई साहित्यकारों द्वारा शक्र की काव्य पुस्तक श्रमदेवता का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद उस पर परिचर्चा हाेगी। परिचर्चा में एलएनएमयू दरभंगा के पूर्व मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. चंद्रभानु प्रसाद सिंह, बीएचयू वाराणसी के एसोसिएट प्रो. डॉ. रामाज्ञा शशिधर, पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह व एनटीपीसी बरौनी के सीनियर मैनेजर केसरी नंदन मिश्र समेत कई अन्य अतिथि भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, इसमें कवि अशांत भोला, प्रफुल्ल मिश्र, रामा मौसम, सच्चिदानंद पाठक समेत कई कवि शिरकत करेंगे। इसके पूर्व दोपहर 1:30 बजे जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों व बुद्धिजीवियों के द्वारा रूपनगर दुर्गा स्थान स्थित शक्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
समिति के वरिष्ठ सदस्य सह पैक्स अध्यक्ष रामानुज सिंह, पंसस वकील रजक व कविवर रामावतार यादव शक्र के पौत्र कृष्ण नंदन यादव ने बताया कि कविवर शक्र की 38वीं पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह ऐतिहासिक होगा। साहित्यिक समारोह को सफल बनाने तथा शक्र की कविताओं को लोगों की जुबान पर लाने के उद्देश्य से शक्र के पैतृक गांव रूपनगर में शक्र की कविताओं की पंक्ति को गांव की दीवारों पर लिखी गई है।
