पटना | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा ने भारत के विकास को नई दिशा और गति प्रदान की है। 11 वर्षों का यह स्वर्णिम काल भारत के पुनर्निर्माण का वह अध्याय है जिसमें देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाकर अंत्योदय की भावना को भी साकार किया गया। ये बातें बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने कही।
25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया
मंत्री सरावगी ने कहा कि 11 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया है। अति गरीबी में 80 प्रतिशत की कमी आई है। विपक्ष केवल “गरीबी हटाओ“ के खोखले नारे देते रहे, लेकिन मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को धरातल पर उतारकर दिखाया है। सरावगी ने कहा कि यह नया भारत आत्मनिर्भर, सशक्त और निर्णायक है, जो अब चुप नहीं बैठता, बल्कि आतंकवाद का जवाब उसी की भाषा में देता है।
आयुष्मान ने करोड़ों गरीबों को स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल दिया
उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, पीएम आवास योजना ने उन्हें पक्के घरों की की सौगात दी। जनधन योजना से आर्थिक समृद्धि आई। आज भारत की नारी शक्ति आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नेतृत्व की मिसाल बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनते हमने देखा है। इन्फ्रास्ट्रक्चर से लेकर डिजिटल इंडिया तक, हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीबों को स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल दिया है।
एनडीए के विजन को साकार कर रहा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग
सरावगी ने कहा कि NDA सरकार ने देश में विकास की इबारत लिखी है। बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने एनडीए सरकार की विजन को जमीन पर उतारने का काम किया है। आज भूमि संबंधी सेवाएं ऑनलाइन हैं, भ्रष्टाचार को समाप्त करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है और जनता को पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग ने जन सरोकारों से जुड़ी हर चिंता का समाधान सुनिश्चित किया है।
