- खगड़िया में आज केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद वेंकटेश जोशी और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का कार्यक्रम
- कार्यक्रम स्थल से दो किलोमीटर दूर अपराधियों ने वारदात को दिया अंजाम
खगड़िया | खगड़िया में सोमवार सुबह-सुबह डबल मर्डर हो गया। अपराधियों ने पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहंदीपुर गांव में घर घुसकर मां और बेटे की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। महिला की पहचान 60 वर्षीय फूलो देवी और बेटे की पहचान 35 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। बताते चलें कि सोमवार को खगड़िया में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का कार्यक्रम है। और जहां वारदात हुई है वह कार्यक्रम स्थल से दो किलोमीटर दूर है। मंत्री और डिप्टी सीएम के कार्यक्रम के कारण पुलिस अलर्ट है बावजूद इस तरह की घटना घट गई।
पहले मां को फिर बाद में बेटे को गाेली मारी : मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पहले मां को नाक में गोली मारी फिर बेटे पंकज को गोली मारी। अपराधियों ने हंसुआ से पंकज का गर्दन काट डाला। मृतका फूलो देवी की बेटी सविता कुमारी ने बताया कि छोटे भाई धीरज पर भी हमला किया गया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। उसने पुलिस को बताया कि चार-पांच की संख्या में बदमाश घर में घुसे थे।
हत्या के पीछे भूमि विवाद को कारण मान रही पुलिस : पुलिस का कहना कि 8 बीघा जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। इसे लेकर कई बार पंचायत और थाने में भी शिकायतें हुई थीं। विवादित जमीन को लेकर पूर्व में भी हत्या हो चुकी है। जिसमें मृतका फूलो देवी का पति सत्तन सिंह अभियुक्त था और वह अभी जेल में है।
पुलिस क्या कर रही : पसराहा थाना के एएसआइ नरेंद्र सिंह ने बताया कि शवों को खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है ताकि हत्या से जुड़े साक्ष्य इकट्ठा किए जा सकें। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। परिजनों व आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
