- राजकीय अयोध्या शिवकुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय में एंटी रैगिंग सप्ताह का शुभारंभ
बेगूसराय। राजकीय अयोध्या शिवकुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ श्रीनिवास त्रिपाठी ने कहा कि महाविद्यालय में शांत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए यह अनिवार्य है कि सीनियर एवं जूनियर छात्रों के बीच समन्वय बना रहे। इसके लिए अनिवार्य है कि सीनियर छात्र अपने जूनियर को छोटे भाई की नजर से देखें तथा जूनियर उन्हें अपने बड़े भाई की तरह मानकर उन्हें सम्मान दें।प्राचार्य डॉ त्रिपाठी बुधवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देश एवं बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की अधिसूचना के आधार पर आयोजित ” एंटी रैगिंग ” सप्ताह का शुभारंभ कर रहे थे।
अनुशासन टूटा तो कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
महाविद्यालय के सभागार में उपस्थित शिक्षकों एवं छात्रों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ त्रिपाठी ने कहा कि महाविद्यालय के अंदर स्वस्थ वातावरण एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए अनिवार्य है कि सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच प्रेम एवं स्नेह का वातावरण कायम रहे। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी अप्रिय घटना हुई तो इसे पूरी सख्ती से निबटा जाएगा । इस समारोह को उपाधीक्षक डॉ दिलीप कुमार वर्मा, डॉ मुन्ना कुमार, डॉ वीजेंद्र कुमार, डॉ लाल कौशल कुमार, डॉ प्रमोद कुमार, डॉ राम नंदन साहनी, डॉ अमलेश कुमार, डॉ सत्येंद्र कुमार सिंह, डॉ अनिल कुमार, डॉ इंदु कुमारी, आदि ने “एंटी रैगिंग” सप्ताह की उपयोगिता पर प्रकाश डाला । डॉ राजीव कुमार शर्मा ने एंटी रैगिंग सप्ताह के एक सप्ताह के कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की । उन्होंने बताया कि इसमें बच्चों को प्रत्येक दिन विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेना है। समारोह का संचालन महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉक्टर दिनेश कुमार ने किया। महाविद्यालय के विभिन्न वर्षो में पढ़ने वाले छात्रों मीना, सुरभि, वेज कामरान आदि ने इस सप्ताह के सफलतापूर्वक वातावरण में मनाए जाने संबंधी बातें रखी।
प्राचार्य की अध्यक्षता में दो कमेटियों का हुआ गठन
महाविद्यालय में प्राचार्य की अध्यक्षता में दो कमेटियों का गठन किया गया। जिसमें एंटी रैगिंग कमेटी के सदस्य डॉ नंदकुमार सहनी, डॉ इंदु कुमारी एवं डॉ शंभू कुमार होंगे तथा एंटी रैगिंग स्क्वायड के सदस्य डॉ मुन्ना कुमार, डॉ प्रमोद कुमार एवं डॉ सुल्ताना परवीन होंगी। इन इन कमेटियों में छात्रों की ओर से हिमांशु राज, अमरेश कुमार, मनस्वी आनंद , गोल्डी कुमारी, मोहम्मद कामरान, शाहिदा परवीन आदि शामिल रहेंगे।










