पटना | बिहार के सभी जिलों में इन दिनों राजस्व महा अिभयान चल रहा है। जमीन संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लोग अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं। अंचल कार्यालय में लोगों की भीड़ को देखते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने एक विशेष पहल की है। विभाग ने पुलिस मुख्यालय से अंचल कार्यालयों में गार्ड को प्रतिनियुक्त करने का आग्रह किया है। विभाग के इस आग्रह पर पुलिस मुख्यालय ने सभी अंचल कार्यालयों में अंचल गार्ड की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है।
जहां अधिकारी महिलाएं वहां महिला पुलिस ही तैनाती होगी
जानकारी के अनुसार, हर अंचल कार्यालय में 1 से 4 होमगार्ड को अंचल गार्ड के रूप में तैनात होंगे। इन गार्डों के प्रभारी सहायक अवर निरीक्षक, हवलदार या जिला पुलिस के सिपाही होंगे। जहां-जहां महिला अंचलाधिकारी या प्रखंड विकास पदाधिकारी तैनात हैं, वहां महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ अंचल गार्ड की प्रतिनियुक्ति अनिवार्य होगी।
पुलिस महानिदेशक की स्वीकृति
इस आदेश को पुलिस महानिदेशक, बिहार की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। साथ ही सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक और जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
क्यों उठाया गया यह कदम
भूमि विवादों से जुड़े मामलों के कारण अंचल कार्यालयों में आमजनों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इससे विधि-व्यवस्था की चुनौती पैदा हो रही थी।











