बिलासपुर /एजेंसी | हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हुआ। भल्लू पुल पर एक बस पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आ गई। खबर लिखे जाने तक बस के अंदर से अभी तक 15 शव निकाले गए हैं। दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला गया है। स्थानीय लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बस में करीब 35 यात्री सवार थे। फिलहाल पुलिस-प्रशासन JCB की मदद से मलबे को हटवा रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर JCB बुलवाई और बस के ऊपर से मलबे को हटवाया। इसके बाद घायलों को बस से निकालकर एबुलेंस की मदद से घुमारवीं झंडूता अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद छह यात्रियों की तो घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। बाकी आठ यात्रियों ने अस्तपाल में दम तोड़ दिया। वहीं तीन यात्री बस से सुरक्षित निकाले गए हैं। अन्य के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

बस में सवार थे 35 यात्री
बताया जा रहा है कि करीब 35 लोग बस में सवार थे। घटना करीब साढ़े छह बजे हुई है। बस में मरोतन बरठीं, घुमारवीं और बीच के स्टेशनों के लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में 35 के करीब सवारियां थी। चालक और परिचालक की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
CM सुक्खू ने बस हादसे पर दुख जताया
हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रशासन को राहत-बचाव के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए।











