- जन सुराज के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं आरएन सिंह
- गुरुवार को जन सुराज ने जारी की थी 51 प्रत्याशियों की पहली सूची
- मटिहानी से डॉ. रंजन चौधरी को टिकट नहीं देने से समर्थकों में नाराजगी
बेगूसराय | विधानसभा चुनाव को लेकर जन सुराज ने जब से 51 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है तब से पार्टी में उथल पुथल मची है। पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर और अन्य पदाधिकारियों पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। टिकट नहीं मिलने से मायूस उम्मीदवारों का कहना है कि वे पार्टी में पहले दिन हैं और प्रशांत किशोर के साथ कदम से कदम मिलाते रहे हैं बावजूद उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर नहीं दिया गया। जिन्होंने क्षेत्र में कोई मेहनत नहीं की उन्हें उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसी क्रम में पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक आरएन सिंह (राम नन्दन सिंह) ने शुक्रवार को पार्टी को झटका दिया। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को इस बात से अवगत कराया कि वे तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ेंगे। जबकि श्री सिंह की तेघड़ा से उम्मीदवार करीब-करीब तय थी।

टिकट बंटवारे में साथियों के अपमान से आहत
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आरएन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुरुवार को जिन 51 उम्मीदवारों की घोषणा की गई उनमें से कई ऐसे हैं जिन्होंने छह माह पहले पार्टी की सदस्यता ली। साल-दो साल से काम कर रहे पार्टी नेताओं की अनदेखी की गई। जिन्होंने पार्टी के लिए क्षेत्र में काम किया, लाखों रुपए खर्च किए, जिन्हें मतदाता पहचानते हैं, उन्हें ही उम्मीदवारी से वंचित कर दिया गया। क्या मटिहानी विधानसभा से डॉ. रंजन चौधरी को उम्मीदवार नहीं बनाया गया, इस कारण आपने से चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की? वाले सवाल पर आरएन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी एक को टिकट नहीं मिलने आहत नहीं हैं बल्कि कई ऐसे लोगों का अपमान हुआ जिनकी मेहनत को नजरअंदाज कर दिया गया। साथियों के अपमान को मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता। दूसरी ओर, मटिहानी से डॉ. रंजन चौधरी को उम्मीदवार नहीं बनाए जाने के बाद से उनके समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है।
तेघड़ा से जो भी उम्मीदवार होगा, समर्थन दूंगा
क्या आप जन सुराज के लिए काम करेंगे? के सवाल पर आरएन सिंह ने कहा कि मैंने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है, पार्टी छोड़ने की नहीं। पार्टी अब तेघड़ा से जिसे भी उम्मीदवार बनाए, मैं उनके समर्थन में काम करूंगा। उन्होंने बताया कि तेघड़ा और बखरी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार की घोषणा भी गुरुवार को हो जाती, लेकिन किसी कारणवश नहीं हुआ। अब इन दोनों विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवार की घोषणा शनिवार को होगी।
पार्टी अध्यक्ष ने स्वीकार नहीं किया है पत्र
इधर, जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने आरएन सिंह के उस पत्र को स्वीकार नहीं किया जिसमें उन्होंने तेघड़ा से चुनाव नहीं लड़ने की बात लिखी थी। पार्टी अध्यक्ष ने शुक्रवार देर शाम फोन कर उनसे बातचीत की और पटना बुलाया। आरएन सिंह शनिवार को पटना जाएंगे।
संबंधित समाचार
जन सुराज ने खोला पत्ता, पहले चरण के 51 प्रत्याशियों की घोषणा











