- बिहार में बढ़ते अपराध के खिलाफ भाकपा ने फूंका बिगुल, बेगूसराय में जनसंपर्क अभियान तेज
- कामाथान में भाकपा का जनकोष अभियान, गलियों से समाहरणालय तक संघर्ष का ऐलान
- शेखपुरा और मधुबनी में कम्युनिस्ट नेताओं पर हुए हमले के विरोध में बेगूसराय में फूटा आक्रोश
बेगूसराय | भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) बेगूसराय अंचल परिषद के निर्णय के बाद क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान ने जोर पकड़ लिया है। भैरबार पंचायत के कामाथान में भाकपा नेता अनिल कुमार अंजान, श्याम बहादुर सिंह, उमेश सिंह, युगेश्वर पासवान,देवेंद्र पंडित, जयशंकर सिंह, हरे कृष्ण यादव के नेतृत्व में जनकोष अभियान चलाया गया, जिसमें दर्जनों लोग बढ़ चढ़कर भाग लिया। पार्टी नेताओं के नेतृत्व में जोरदार जुलूस निकाला गया, जिसमें स्थानीय समस्याओं से लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए।
प्रदेश की सम्राट सरकार पर किया तीखा हमला
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा नेता अनिल कुमार अंजान ने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही बिहार में अपराध का ग्राफ एकाएक बढ़ गया है। उन्होंने मधुबनी जिला मुखिया संघ के पूर्व अध्यक्ष सह भाकपा नेता कामरेड कृपानंद झा के ऊपर किए गए जानलेवा हमले को जनतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से अपराध बेकाबू है। एक तरफ सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या कर दी जाती है तो दूसरी तरफ मुजफ्फरपुर में घर में घुसकर मां और दो बच्चों की गला घोटकर हत्या से पूरा बिहार दहशत में है। उन्होंने आह्वान किया कि जनबल की ताकत से ही इस हुकूमत से निजात पाई जा सकती है।
प्रमुख मांगें और नारे: जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने शेखपुरा जिला मंत्री कामरेड प्रभात पांडे पर हुए हमले के दोषियों को सजा देने, कामाथान प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण और इंदू नगर के महादलित परिवारों को वासगीत का पर्चा देने की पुरजोर मांग की।










