- मंझौल की बेटी मंजू कुमारी बनीं सप्लाई इंस्पेक्टर
- BPSC में लहराया परचम, ABVP ने दी बधाई
बेगूसराय (मंझौल) | बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में मंझौल की बेटी मंजू कुमारी ने बड़ी सफलता हासिल की है। मंजू कुमारी का चयन सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे मंझौल गांव और बेगूसराय जिले में खुशी की लहर है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रमुख सदस्यों ने मंजू कुमारी (पुत्री डॉ. रामनारायण पासवान) के वार्ड नंबर 5 स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छात्र नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि मंझौल की बेटी ने बिहार में अपना परचम लहराया है। एक मेहनती छात्र की सफलता सिर्फ भाग्य पर नहीं, बल्कि उसके निरंतर प्रयासों पर निर्भर करती है। इससे युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अमित कुमार सिंह गप्पू व रवि कुमार ने कहा कि यह सफलता कोई जादुई चमत्कार नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत का सच्चा परिणाम है। आज की युवा तरुणाई मंजू बहन से प्रेरणा लेकर अपने भविष्य को उज्जवल बनाएगी। बिहार प्रांत की आमंत्रित सदस्य श्वेतनिशा व पूजा कुमारी ने कहा कि मंजू का समर्पण साबित करता है कि एक साधारण विद्यार्थी भी अपनी मेहनत के दम पर असाधारण बन सकता है।

तीसरी बार में मिली बड़ी सफलता
मंजू कुमारी के भाई सचिन, जेपी और परिवार के सदस्य ललन पासवान व रामलगन ने बताया कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। मंजू ने दिन-रात लगनशीलता से पढ़ाई की और तीसरे प्रयास में इस मुकाम को हासिल किया। पूरा परिवार शिक्षाप्रेमी है और हमेशा बेहतर करने का प्रयास करता रहता है।
ABVP का मार्गदर्शन और परिवार का साथ रही सफलता की नींव
अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवनियुक्त सप्लाई इंस्पेक्टर मंजू कुमारी ने कहा कि मेरी सफलता के पीछे मेरे परिवार, समाज और दुनिया के सबसे बड़े छात्र संगठन ABVP का मार्गदर्शन रहा है। किताबों से लगाव और निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। मैं अपने कर्तव्य का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने का प्रयास करूंगी। मंजू कुमारी ने यह भी साझा किया कि इस बार उनके गांव से 3 और पूरे क्षेत्र से दर्जनों विद्यार्थियों ने विभिन्न पदों पर सफलता पाई है, जो पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित
इस मौके पर पूर्व सांसद रामजीवन सिंह, पूर्व मुखिया कुमार अनिल, अविनाश कुमार, रविराज सिंह, प्रियांशु उर्फ गोलू, श्यामजी, अनुराग कुमार, प्रियदर्शनी झा, शिवानी, रिचा रानी, रितिका रानी और डेजी कुमारी आदि मौजूद रहे।










