बेगूसराय (बछवाड़ा)। जिले के स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अनुरूप विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा में ‘साक्षी’ पोर्टल के प्रभावी संचालन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य प्रखंड के सभी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को डिजिटल माध्यम से अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाना था।
डिजिटल तकनीक से बढ़ेगा भरोसा
कार्यशाला की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. अनिल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ‘साक्षी’ पोर्टल के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों का स्व-मूल्यांकन किया जा रहा है। इससे कमियों की समय पर पहचान होगी और उनका त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम लोगों का विश्वास भी मजबूत होगा।
रियल टाइम मानिटरिंग और बेहतर व्यवस्था
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अमर आर्य ने बताया कि ‘साक्षी’ पोर्टल के जरिए दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति और स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों की रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद स्वास्थ्य कर्मी डिजिटल माध्यम से अपने कार्यों का बेहतर निष्पादन कर सकेंगे। इससे सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

तकनीकी सहयोग और खास चर्चा
प्रशिक्षण सत्र में पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि ज्ञानोदय प्रकाश और दीपक मिश्रा ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), जीएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को डेटा एंट्री, रिपोर्टिंग तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य करने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, प्रसव सेवाएं, टीकाकरण, मरीजों के प्रति व्यवहार और अन्य गुणवत्ता मानकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को और जनोन्मुखी बनाने का संकल्प
कार्यशाला में बीएमएनई, काउंसलर, प्रखंड के सभी चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने ‘साक्षी’ पोर्टल के प्रभावी उपयोग के माध्यम से बछवाड़ा की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण और जनोन्मुखी बनाने का संकल्प लिया।










